ममता बनर्जी प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त हैंः-शत्रुघ्न सिन्हा

पटना । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता व पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने फिर पार्टी लाइन क्रॉस किया है। अपने पहले के बयान को दुहराते हुए उन्होंने कहा है कि ममता बनर्जी प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त हैं। हाल में ममता बनर्जी की रैली में शिरकत करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमलावर रहे शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि अगर हाईकमान चाहेगा तो वे पार्टी से अलग हो जाएंगे। उन्होंने बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी काे लेकर कहा कि वे केवल एक मोदी को जानते हैं और वे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। हालांकि, जनता में उनके खिलाफ गुस्सा है।
ममता को बताया प्रधानमंत्री पद के काबिल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रशंसा करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने उन्हें प्रधानमंत्री पद के काबिल करार दिया। कहा कि ममता गरीबों की चिंता करतीं हैं। उन्होंने संघर्ष और त्याग किया है। ममता के प्रधानमंत्री बनने को लेकर उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली अभी दूर है, फिलहाल देश के वर्तमान राजनीतिक संकट पर ध्यान देना होगा।
कहा- पीएम मोदी के खिलाफ लोगों में गुस्सा शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रियल हीरो माना, लेकिन कहा कि उन्होंने जन संवाद खत्म कर दिया है, जिस कारण लोगों में उनके खिलाफ गुस्सा है। प्रधानमंत्री लोगों से दूर हो गए हैं। इसके पहले कोलकाता में ममजा बनर्जी की रैली में शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री को तानाशाह तथा खुद को बागी कहा था।
पार्टी ने दिए कार्रवाई के संकेत शत्रुघ्न सिन्हा के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधे हमले को पार्टी ने गंभीरता से लिया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूड़ी ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोगों की महत्वाकांक्षाएं बहुत बढ़ गईं हैं, वे पार्टी और जनता के विश्वास को धोखा दे रहे हैं। ऐसे लोग एक ओर भाजपा सांसद के नाम पर मिलने वाली सुविधाओं का लाभ लेते हैं तो दूसरी ओर विपक्षी दलों के सम्मेलनों में शामिल होते हैं। शत्रुघ्न सिन्हा को झारखंड सरकार में मंत्री सीपी सिंह ने गद्दार तक कह डाला। बिहार के उपमुख्यमंत्री व भाजपा नेता सुशील मोदी पहले ही शत्रुघ्न सिन्हा को पार्टी छोड़ने की नसीहत दे चुके हैं। शत्रुघ्न सिन्हा के बयान को इन आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है।