Politics

लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल कांग्रेस तृणमूल कांग्रेस के साथ नहीं करेगी गठबंधन

कोलकाता। लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल कांग्रेस तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी। पश्चिम बंगाल कांग्रेस नेतृत्व का यह सुझाव आलाकमान ने भी मान लिया है। इसकी जानकारी पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने पत्रकारों से बातचीत में दी गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने को लेकर शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता अब्दुल मन्नान व राज्य के अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद थे। सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी राज्यों के प्रतिनिधियों से अलग-अलग चर्चा की। इस कड़ी में मित्रा व मन्नान से भी उन्होंने चुनावी रणनीति के संदर्भ में चर्चा की।  बैठक से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मित्रा ने कहा-‘हमने अपनी बात आलाकमान के समक्ष रखी है। हमने राहुल गांधी से कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल हमारी पार्टी को नुकसान पहुंचाने की हर कोशिश कर रही है। ऐसे में यदि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस-तृणमूल गठबंधन होता है तो यह पार्टी के हित में नहीं होगा। हमारा पक्ष जानकर राहुल गांधी ने आश्वासन दिया कि पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव में पार्टी तृणमूल के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी।’ अब सवाल यह है कि अगर पश्चिम बंगाल कांग्रेस तृणमूल के साथ गठबंधन नहीं करेगी तो क्या यह गठबंधन वाममोर्चा के साथ होगा? पार्टी की स्थिति इसपर भी साफ नहीं है। सोमेन मित्रा ने कहा कि वाममोर्चा(वामो) के साथ राजनीतिक गठबंधन होगा कि नहीं, इसे लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। इसे लेकर चर्चा जारी है और मुझे लगता है कि इसपर अभी और मंथन की आवश्यकता है। हम चर्चा करके इस मामले में कोई निर्णय लेंगे और उसके बाद इस बाबत जानकारी साझा की जाएगी। राजनीतिक जानकारों की राय में ऐसा कहकर कांग्रेस ने अभी वामो के साथ गठबंधन का रास्ता खुला रखा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button