पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीन की सेनाएं 2 किमी पीछे हटी

नई दिल्ली। पिछले कई दिनों से भारत-चीन सीमा के पूर्वी लद्दाख क्षेत्र पर दोनों देशों के बीच तनातनी जोरों पर थी। वहीं, अब खबर आ रही है कि पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीन की सेनाएं कुछ पीछे हट गई हैं। सूत्रों के अनुसार चीनी सेना 2 किमी और भारतीय सेना अपनी जगह से 1 किमी पीछे हटी है। यहां के फिंगर फोर इलाके में कई हफ्ते से दोनों देशों की सेना एक दूसरे के सामने डटी हुई हैं। सीमा पर अब ऐसी कोई गतिविधी नहीं हैं जिससें सीमा पर कोई तनातनी का महौल हो।
सूत्रों ने बताया कि पीएलए की टुकड़ियां एक जगह से 100 यार्ड पीछे हट गई हैं। वहीं, अन्य जगहों पर उसने सैनिक बढ़ाने या आक्रामक रुख अख्तियार करने जैसी कुछ बड़ी गतिविधि नहीं की है। 6 जून को लेफ्टिनेंट जनरल रैंक के अधिकारियों की बातचीत से पहले चीनी सैनिकों के रुख में यह बदलाव एक साकारात्मक संदेश देता है। वैसे विवाद शुरू होने के बाद से अब तक भारत और चीन के बीच 10-12 दौर की बातचीत हो चुकी है। बातचीत में चीनी वायु सेना द्वारा लद्दाख के पास आसपास के इलाकों में युद्ध विमानों की उड़ानों का मुद्दा भी उठाया गया। गौरतलब है कि भारत और चीनी सेनाओं के बीच तनाव तब बढ़ गया था जब पांच मई को 250 चीनी सैनिक भारतीय क्षेत्र में घुस आए और उनकी गश्त कर रहे भारतीय सैनिकों से हाथापाई भी हुई। यह तनाव दूसरे दिन भी जारी रहा। जबकि पैंगोंग त्सू झील की घटना उत्तरी सिक्किम में 9 मई को भी हुई। भारत और चीन के बीच 3,488 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा में कई स्थानों को लेकर दोनों देशों के बीच विवाद है।