News UpdateUttarakhand

तीन कांवड़िए गंगा में डूबे, एक का शव बरामद

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में दिल्ली के तीन युवा कांवड़िए गंगा की मुख्य धारा में डूब गए। एसडीआरएफ और जल पुलिस के सर्च ऑपरेशन में एक कांवड़िए का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो कांवड़ियों की तलाश जारी है। हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
दिल्ली के मानसरोवर पार्क न्यू मार्डन जिला शाहदरा के रहने वाले अमन 23, प्रियांशु श्रीवास्तव 23, यश गुप्ता 21 और विनीत शनिवार को कांवड़ यात्रा के लिए निकले थे। वे दोपहिया वाहन से पहुंचकर उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र के एक आश्रम में ठहरे थे। परमार्थ आश्रम गंगा घाट पर नहाने के लिए पहुंचे। इसी दौरान एक युवक प्रियांशु अचानक डूबने लगा, जिसे बचाने का प्रयास कर रहे तीनों दोस्त भी डूबने लग गए। इधर, चीख पुकार सुनकर गंगा घाट पर मौजूद रहे लोगों ने एक युवक विनीत को बचा लिया और तीन युवक डूब गए। तीन युवकों के डूबने की खबर मिलने पर आनन-फानन में एसडीआरएफ और जल पुलिस को बुलाया गया। राफ्ट की मदद से युवकों की तलाश शुरू की गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद एक युवक अमन का शव गंगा से बरामद हुआ। प्रियांशु और यश गुप्ता का पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवकों की मौत से परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी राकेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि तीनों युवक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं। एसडीआरएफ और जल पुलिस लापता युवकों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button