विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में तेजी

देहरादून,। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चैहान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में निर्वाचन कार्यों के लिए नियुक्त नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को सात दिसंबर तक निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि चुनाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने टेंट, बैरिकेडिंग, लेखन सामग्री, भोजन, वीडियो और फोटोग्राफी सहित चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं की निविदा प्रक्रिया सात दिसंबर तक पूरी करने को कहा। उन्होंने निर्वाचन के दौरान इस्तेमाल होने वाली सामग्री और सेवाओं की दरें पहले से निर्धारित करने के निर्देश भी दिए, ताकि चुनाव के समय किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
जिलाधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए करीब 22 हजार कार्मिकों की आवश्यकता होगी। अभी तक 14,800 कार्मिकों का आंकड़ा एकत्र किया जा चुका है। जिन विभागों ने अभी तक अपने कार्मिकों की सूची उपलब्ध नहीं कराई है, उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। चुनाव ड्यूटी से छूट मांगने वाले कार्मिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए समिति गठित करने और स्वास्थ्य दल तैयार रखने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,045 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने 50 जोनल और 230 सेक्टर अधिकारियों के माध्यम से सभी मतदेय स्थलों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बिजली, पेयजल, फर्नीचर, रैंप, शेड और संचार नेटवर्क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता जांची जाएगी। सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का सत्यापन कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
निर्वाचन के दौरान नकदी, शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं पर चैकियां स्थापित की जाएंगी। जिलाधिकारी ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर और शिमला तथा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लगी सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उड़नदस्ता दल, वीडियो निगरानी दल, वीडियो अवलोकन दल, मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति और निर्वाचन व्यय लेखा दलों के गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों को चिह्नित किया जाएगा। ऐसे क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां पुरुषों अथवा महिलाओं का मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा है। जिलाधिकारी ने मतदान दलों की आवाजाही, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की व्यवस्था के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा सात दिन के भीतर मानचित्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चुनाव कार्मिकों के प्रशिक्षण की योजना भी तीन चरणों में तैयार की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी जीतेन्द्र कुमार सहित निर्वाचन कार्यों के लिए नियुक्त सभी नोडल और सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।



