News UpdateUttarakhandसिटी अपडेट

हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट 1 जून को खुलेंगे

जोशीमठ। पांचवें धाम श्री हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट आगामी एक जून को खोले जाएंगे। वैसे दोनों धाम के कपाट 25 मई को खोले जाते हैं, लेकिन इस साल हेमकुंड साहिब में भारी बर्फबारी के चलते इसमें विलंब हो रहा है। धाम में अभी भी 20 फीट के करीब बर्फ जमी हुई है। इसके चलते गुरुद्वारा साहिब और लक्ष्मण मंदिर समेत हेमकुंड सरोवर बर्फ से ढके हुए हैं।
चमोली जिले में स्थित हेमकुंड साहिब सिखों का प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है। वैसे तो वर्ष 2018 तक हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट 25 मई को खोले जाते रहे हैं, लेकिन वर्ष 2019 में भारी बर्फबारी के चलते एक जून को कपाट खोले गए थे। पर इस बार तो स्थितियां और भी दुरूह हो चुकी हैं। धाम पूरी तरह बर्फ के आगोश में है, जबकि हेमकुंड-घांघरिया पैदल मार्ग पर अटलाकोटी समेत कुछ अन्य स्थानों पर 40 फीट ऊंचे हिमखंड बने हुए हैं। इससे सेना की इंजीनियरिंग कोर को पैदल मार्ग खोलने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है। गुरुद्वारा प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सेवादारों ने घांघरिया में अभी से राशन पहुंचाना शुरू कर दिया है। मान्यता है कि सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह महाराज ने पूर्व जन्म में यहां पवित्र सरोवर के तट पर दुष्टदमन के रूप में तपस्या की थी। गुरुद्वारा से 50 मीटर की दूरी पर लोकपाल लक्ष्मण जी का भी पौराणिक मंदिर है। कहा जाता है कि यहां पर अयोध्या निर्वासन के बाद लक्ष्मण जी ने तपस्या की थी।

Related Articles

Back to top button