National

पंजाब के बटाला में पटाखा फैक्टरी में धमाका,21 लोगों की मौत,26 लोेग घायल,एनडीआरएफ की टीम पहुंची मौके पर

बटाला (गुरदासपुर)। पंजाब का बटाला शहर बुधवार दोपहर बाद भीषण विस्‍फोट से दहल उठा। यहां एक पटाखा फैक्‍टरी में धमाका हो गया। इससे अब तक 21 लोगों की मौत हो गई है और 26 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में सात की हालत नाजुक है। बेहद नाजुक हालत के कारण तीन लोगों को अमृतसर के अस्‍पताल रेफर किया गया है। धमाके के कारण फैक्‍टरी पूरी तरह से ध्‍वस्‍त हो गई और आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। घटनास्‍थल पर मलबा हटाने और राहत कार्य के दौरान भी धमाके हुए। इससे हड़कंप मच गया। राहत कार्य में मदद के लिए एनडीआरएफ (NDRF)  की टीम भी मौके पर पहुंची है। मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने घटना की मजिस्‍ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही पंजाब सरकार ने घटना के शिकार लोगों के लिए सहायता राशि की भी घोषणा की है। मुख्‍यमंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता देने का ऐलान किया। उन्‍होंने कहा कि गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। मामूली रूप से जख्‍मी लोगों काे 25 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।

पटाखा फैक्‍टरी में हुआ धमाका, राहत और बचाव कार्य के दौरान भी हुआ विस्‍फोट  घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्‍थल पर चीख-पुकार मची हुई है। सिविल अस्‍पताल जैसे शवों से पट गया है। धमाके से घटनास्थल के 150-200 मीटर के क्षेत्र में स्थित इमारतों और मकानों काे नुकसान पहुंचा है। जिस फैक्‍टरी में विस्‍फोट हुआ है उसके पास ही एक शॉपिंग मॉल भी है। इसके पास ही एक स्‍कूल भी है। मलबा हटाने और इसमें दबे लोगों को निकालने के दौरान भी हादसा स्‍थल पर धमाके हुए। इससे हड़कंप मच गया। घायलों काे सिविल अस्‍पताल में दाखिल कराया गया है। घटनास्‍थल पर पुलिस और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे हुए हैं। फैक्‍टरी पूरी तरह जमींदोज हो गई है।  दूसरी ओर, मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने ट्वीट कर कहा है कि बटाला में हुए विस्‍फोट में लोगों के मारे जाने पर मुझे बहुत दुख है। यह बेहद दुखद घटना है और डीसी व एसएसपी की निगरानी में राहत कार्य चल रहा है।

Related Articles

Back to top button