NationalNews UpdateUttarakhandसिटी अपडेट

प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 69 हुई

देहरादून। उत्तराखंड में आज कोरोना संक्रमण का एक मामला सामने आया है। नैनीताल जिले की 23 वर्षीय युवती में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही अब प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 69 हो गई है। इनमें से 46 मरीज ठीक हो चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार 10 मई को हल्द्वानी के कमलवा गांजा निवासी युवती गुरुग्राम से लौटी थी। उसे संस्थागत क्वारंटीन किया गया था। हालांकि युवती में संक्रमण को लेकर किसी तरह के लक्षण नहीं थे, लेकिन युवती के पास गुरुग्राम के एक डॉक्टर की पर्ची थी। जिसमें युवती को गले में खरास की शिकायत बताई गई थी। इसके आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने युवती का सैंपल जांच के लिए सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी भेजा, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। युवती को हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन में भर्ती किया गया है। इसके साथ ही अब नैनीताल जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 11 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार युवती को भर्ती करने के साथ ही उसके संपर्क में आए लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है। वहीं, मंगलवार को देहरादून, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, हरिद्वार, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, पौड़ी और उत्तरकाशी जनपद से 365 नए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। ऊधमसिंह नगर जनपद में संक्रमण के मामले बढ़ने से जांच के लिए भेजे जाने वाले सैंपलों की संख्या बढ़ाई गई है। मंगलवार को दून, हल्द्वानी, श्रीनगर मेडिकल कॉलेज, एम्स ऋषिकेश और निजी पैथोलॉजी लैब से 239 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई है। इनमें से एक युवती के सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक पूरे प्रदेश में 10471 सैंपलों की जांच की जा चुकी है।

Related Articles

Back to top button