News UpdatePoliticsUttarakhand

मोदी सरकार केवल दो उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गईः प्रियंका गांधी

खटीमा/देहरादून। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड में कई जनसभाएं संबोधित कीं। खटीमा में प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर हमाला बोला। कहा कि मोदी सरकार केवल दो उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गई है। पूरे देश की नीतियां सिर्फ दो उद्योगपतियों के लिए चल रही हैं जो पीएम के दोस्त हैं। जब बजट आता है, तो गरीबों, किसानों, मध्यम वर्ग, छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए कुछ भी नहीं दिया जाता है। कहा कि एक राजनीतिक नेता का सबसे बड़ा कर्तव्य क्या है? जनता की सेवा, उनका विकास। आज सभी भाजपा नेता आपके सीएम से लेकर देश के पीएम तक केवल अपने विकास के बारे में सोच रहे हैं। कोई आपके बारे में नहीं सोच रहा है। यहां पलायन ज्यादा है। यह तब होता है जब राज्य में नौकरियां पैदा नहीं हो रही हैं। आपके राज्य में सब कुछ है, हिमालय, प्रकृति, पर्यटन के अवसर है, लेकिन रोजगार नहीं। लोग नौकरी के लिए यहां से पलायन कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि कांग्रेस ने प्रवासी श्रमिकों की मदद की और राजनीति करके देश भर में कोरोना फैलाया। वे सड़कों पर चल रहे थे, उनके लिए कोई सुविधा नहीं थी। क्या हम उन्हें ऐसे ही छोड़ देते? तब हम राजनीति नहीं कर रहे थे, अपना फर्ज निभा रहे थे। कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस जरूर सत्ता में आएगी, क्योंकि जनता भाजपा सरकार से थक चुकी है। मुख्यमंत्री को लोगों को बताना चाहिए कि वह महंगाई पर लगाम लगाने और रोजगार बढ़ाने के लिए क्या करने जा रहे हैं। वह महिलाओं के लिए क्या करने जा रहे हैं।
खटीमा में जनसभा को संबोधित करने प्रियंका गांधी हल्द्वानी पहुंची और यहां उन्होंने कहा कि भाजपा ने पांच साल में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। सरकार की कुनीतियों और बदनीयत ने प्रदेश को बर्बादी के मुहाने तक पहुंचाया। कोरोना काल में भाजपा सरकार ने लोगों को दाने-दाने के लिए मोहताज किया, अलग-अलग शहरों में उत्तराखंड के लोगों को बंधक बनाया, तब परेशान लोगों की मदद कांग्रेस ने की, कांग्रेस का हाथ हमेशा से उत्तराखंड के साथ है। भाजपा सरकार ने राज्य को बेरोजगारी का दंश दिया और युवाओं को बेकारी के दलदल में धकेला है। कांग्रेस युवाओं को उस बेरोजगारी के दलदल से कांग्रेस निकालेगी। कांग्रेस चार लाख युवाओं को रोजगार देगी। प्रियंका गांधी ने खटीमा, हल्द्वानी और श्रीनगर गढ़वाल में भी चुनावी रैलियों को संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button