News UpdateUttarakhand

विधायक प्रीतम पंवार ने किया कंटेनमेंट जोन का दौरा

धनौल्टी। टिहरी के धनौल्टी विधानसभा सीट से विधायक प्रीतम पंवार ने बुधवार को कंटेनमेंट जोन गांव का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का हाल जाना। प्रीतम पंवार ने विकासखंड के कंनस्यूड़ इंडियान, जामणी मिस्त्रियाणा और घोन गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में भी चर्चा की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव को कंटेनमेंट जोन बनाने के बाद प्रशासन उनकी नहीं सुन रहा है। गांव में पेयजल व्यवस्था ठप है। गांव के सभी लोग सड़क किनारे लगे एक हैंडपंप पर निर्भर हैं। ऐसे में भीड़ इकठ्ठा होने से संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। इस समस्या के निदान के लिए जल संस्थान भी कुछ नहीं कर रहा है। इस मामले पर विधायक ने कहा कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव के कुछ परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है, शासन-प्रशासन की तरफ से उनकी मदद की जाए। विधायक के जाने के बाद तहसीलदार शिप्रा वर्मा ने गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय राजस्व विभाग के कर्मचारियों से ताजा हालातों की जानकारी ली। उन्होंने गांव के आर्थिक रुप से कमजोर परिवारों को जल्द राशन किट उपलब्ध कराने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button