National

हाल ही में जमानत पर छूटे पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने शुक्रवार को रांची में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को परखा

रांची । मनी लौंड्रिंग के मामले में हाल ही में जमानत पर छूटे पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने कहा है कि भाजपा के जो नेता मेरी जमानत की शर्तों के उल्‍लंघन का सवाल उठा रहे हैं, वे मेरे जमानत के आदेश को ठीक से पढ़ें। रांची में शुक्रवार को पी चिदंबरम ने कहा कि भाजपा के नेता बेवजह इस मामले को तूल दे रहे हैं। आइएनएक्‍स मीडिया मामले में कुछ दिन पहले ही तिहाड़ जेल से निकले चिदंबरम ने कहा कि दिल्ली और झारखंड में नाकाबिल सरकार सत्‍ता पर काबिज है। इस चुनाव में झारखंड में भाजपा की सरकार को हटाना है।  हैदराबाद में दुष्कर्मियों के एनकाउंटर पर चिदंबरम ने कहा कि यह मुठभेड़ सही है या फर्जी, यह जांच का विषय है। उन्‍होंने देश की अर्थव्यवस्था को संकट में बताया।शुक्रवार को रांची पहुंचे चिदंबरम ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस झारखंड में सरकार बनाने में कामयाब होगी। बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव में प्रचार तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर कांग्रेस भी रेस हो गई है। इस कड़ी में कांग्रेस के सीनियर नेता पी. चिदंबरम शुक्रवार को रांची पहुंचे हैं। वे यहां विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां परख रहे हैं। पूर्व गृह मंत्री चिदंबरम बीते दिन ही तिहाड़ जेल से छूटे हैं। उन्‍हें सुप्रीम कोर्ट ने inx media case में जमानत दी है। इससे पहले बुधवार को कांग्रेस के प्रवक्‍ता मनीष तिवारी ने रांची में प्रेस कांफ्रेंस कर केंद्र की मोदी सरकार और राज्‍य की रघुवर सरकार पर निशाना साधा था। मनीष तिवारी ने सरकार पर देश की अर्थव्‍यवस्‍था को चौपट करने का आरोप लगाया था।

Related Articles

Back to top button