World

फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुए श्रृंखलाबद्ध आतंकी हमले के मामले में पूछताछ के लिए फ्रेंच पुलिस पहुंची केरल

कोच्चि। फ्रेंच पुलिस की एक टीम अपने एक राजनयिक के साथ मंगलवार शाम कोच्चि पहुंची। यह टीम सुबाहानी हाजा मोईदीन (33) से पूछताछ करने के लिए यहां आई है। सुबाहानी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने 2016 में इस्लामिक स्टेट (आइएस) में शामिल होने और उसकी गतिविधियों का समर्थन करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। माना जाता है कि वह 2015 में पेरिस में हुए आतंकी हमलों में अप्रत्यक्ष रूप से शामिल था। एनआइए के मुताबिक, पेरिस हमला मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपित सलाह अब्देस्लेम के साथ सुबाहानी को भी सीरिया में प्रशिक्षित किया गया था। सुबाहानी थोडुपुझा का रहने वाला है। 2016 में जब उसे गिरफ्तार किया गया था तो वह तमिलनाडु के तिरुनेल्वेली जिले में रह रहा था। आइएस में रहते हुए उसे शरिया की विस्तृत तालीम हासिल करने के बाद युद्ध का प्रशिक्षण भी दिया गया था। इसमें विभिन्न स्वचालित हथियारों को चलाने का प्रशिक्षण भी शामिल था। इसके बाद उसे इराक के मोसुल में आइएस के कब्जे वाले इलाके में सुरक्षा कार्यो में तैनात किया गया था।

सूत्रों ने बताया कि फ्रेंच पुलिस टीम कोच्चि पहुंचने के बाद सीधे त्रिशूर जेल के लिए रवाना हो गई, जहां सुबाहानी को रखा गया है। उन्होंने साफ किया कि केरल पुलिस का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है क्योंकि यह मामला एनआइए देख रही है। केरल में खुफिया विभाग के प्रमुख टीके विनोद कुमार ने बताया, संभव है कि फ्रेंच टीम उस आतंकी हमले के बारे में ज्यादा जानकारी हासिल करने के लिए यहां आई है। मालूम हो कि नवंबर, 2015 में फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुए श्रृंखलाबद्ध आतंकी हमलों में 130 लोग मारे गए थे जबकि 400 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

Related Articles

Back to top button