पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश घायल, दूसरा फरार, तलाश जारी

हरिद्वार। रुड़की स्थित बुग्गावाला थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस की गिरफ्त में आए घायल बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कांबिंग लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार देर रात थानाध्यक्ष बुग्गावाला पुलिस टीम के साथ यूपी बॉर्डर से थाना क्षेत्र के बंजारावाला की ओर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम बंजारावाला की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस कर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा बीती 9 जून को अमानतगढ़ फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।



