National

बॉलीवुड एक्टर मिथुन चक्रवर्ती के पिता बसंत कुमार चक्रवर्ती का 95 वर्ष की उम्र में निधन

नई दिल्ली बॉलीवुड एक्टर मिथुन चक्रवर्ती के पिता बसंत कुमार चक्रवर्ती का 95 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे बंसत कुमार ने मंगलवार को इस दुनिया को अलविदा कहा। ख़बरों के मुताबिक, उनकी मौत किडनी फेलियर की वजह से हुई है। वहीं, इस बात की चर्चा है कि मिथुन चक्रवर्ती इस वक्त बेंगलरू में फंसे हुए हैं। वह मुंबई पहुंचने के लिए प्रयासरत हैं।

        टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, मिथुन शूटिंग के लिए बेंगलुरू गए थे। हालांकि, लॉकडाउन  की वजह से वह फंस गए हैं। वहीं, मिथुन के बड़े बटे मिमोह इस वक्त मुंबई में ही मौजूद हैं। गौरतलब है कि देश इस वक्त कोरोना वायरस के प्रकोप का सामना कर रहा है। ऐसे में तीन मई तक पूरे देश में लॉकडाउन है। सभी किस्म की यातायात सेवाएं भी बंद हैं। बंसत कुमार की मौत को लेकर सेलेब्स भी अपनी प्रतिक्रिया जता रहे हैं। बंगाली फ़िल्मों की एक्टर रितुपर्णा सेन गुप्ता ने ट्वीट कर अपनी भावनाएं व्यक्त की। उन्होंने लिखा, ‘मिथुन दा आपके पिता को मेरी श्रद्धांजलि। हिम्मत रखिए और भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’

आपको बता दें कि मिथुन चक्रवर्ती का परिवार बंगाल से जुड़ा हुआ है। मिथुन के पिता बंसत कुमार कलकत्ता टेलीफोन्स में काम किया करते थे। उनके चार बच्चे हैं। इसमें मिथुन के अलावा तीन बेटियां हैं। टाइम्स में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, बंसत कुमार ने ही मिथुन को मुंबई भेजा था। वह उन्हें बंगाल में हो रही हिंसा से बचाना चाहते थे। मुंबई में आकर मिथुन ने बॉलीवुड में करियर बनाने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने एफटीआईआई में दाखिला लिया। मिथुन के साथ उनके पिता हमेशा खड़े रहे। गौरतलब है कि इस लॉकडाउन के समय में बॉलीवुड से ऐसी कई दुखद सूचनाएं आई हैं। सलमान ख़ान के भतीजे अब्दुलाह ख़ान का भी निधन हो गया। लॉकडाउन की वजह से सलमान ख़ान उन्हें अंतिम विदाई नहीं दे पाए।

Related Articles

Back to top button