National

हिमालय से आने वाली हवा से अब और पारा गिरने की संभावना

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली की सर्दी अपना रंग दिखाने लगी है। न्यूनतम के बाद अधिकतम तापमान भी गिरने लगा है और ठिठुरन का एहसास भी होने लगा है। आलम यह है कि मंगलवार को इस सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। दो-तीन दिन बाद इसमें और भी गिरावट आने के आसार हैं। इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि दिल्ली समेत उत्‍तर भारत के कई राज्‍यों जैसे बिहार, उत्‍तर प्रदेश, पंजाब एवं हरियाणा में सर्दी बढ़ जाएगी। हिमालय से आने वाली हवा से अब और पारा गिरेने की संभावना जताई जा रही है।

घने बादल से बढ़ी सर्दी गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर की तरफ सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर मंगलवार को दिल्ली में स्प्ष्ट दिखाई दिया। पूर्वानुमान के बावजूद बारिश भले ही नहीं हुई, लेकिन घने बादल छाए रहने से सर्दी जरूर बढ़ गई। सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान सिर्फ 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

और गिर सकता है न्‍यूनतम तापमान यह सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में गुरुवार से अधिक गिरावट आएगी और यह 20 से 21 डिग्री तक पहुंच जाएगा। न्यूनतम तापमान भी इस सप्ताह 7 डिग्री पर पहुंच सकता है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

दिखने लगी स्‍मॉग की चादर  हवा में नमी का स्तर 62 से 98 फीसद रहा। सुबह के समय करीब आठ बजे तक अंधेरा छाया रहा। इसके बाद स्मॉग की चादर साफ नजर आई। मौसम विभाग के अनुसार कोहरा और स्मॉग दोनों ही इस सप्ताह दिल्ली वालों की परेशानी बढ़ाएंगे।

बढ़ेगी नमी हवा में नमी का स्तर भी आने वाले दिनों में और अधिक बढ़ेगा। पश्चिमी विक्षोभ का असर गुरुवार के बाद खत्म हो जाएगा और आसमान साफ रहेगा। लेकिन, नमी होने की वजह से कोहरे और स्मॉग की समस्या भी बनी रहेगी।

हिमालय से आएंगी ठंडी हवा उधर, स्काईमेट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद उत्तर-पश्चिम की तरफ से ठंडी हवाएं दिल्ली पहुंचना शुरू हो जाएंगी। लेकिन इस बार यह पश्चिमी हिमालय से आएंगी और काफी अधिक ठंडी होगी। इसकी वजह से तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। 18 दिसंबर तक तापमान 6 डिग्री तक पहुंच सकता है।

Related Articles

Back to top button