National

अनूप जलोटा और उनकी शिष्या के प्रेम संबंधों की बात उजागर होने के बाद एक और प्रेम गुरू की कहानी आयी सामने

अबोहर।  बिग बॉस हाउस में भजन सम्राट 65 वर्षीय अनूप जलोटा और उनकी 28 वर्षीया शिष्या के प्रेम संबंधों की बात उजागर होने के बाद पंजाब में भी एेसे ही ‘प्रेम गुरु’ की कहानी सामने आई है। यहां एक 70 वर्षीय रिटायर्ड प्राध्यापक को अपनी 20 वर्षीय शिष्या से प्यार हो गया। दोनों भागकर रामेश्वरम पहुंच गए। मामले की शिकायत लड़की के परिजनों ने पुलिस से की तो दोनों को यहां लाया गया। परिजनों ने लड़की को समझाया भी, लेकिन वह रिटायर्ड प्राध्यापक के प्यार में अभी पूरी तरह जकड़ी हुई है। दोनों 5 दिन पहले घर से फरार हो गए थे। रामेश्वरम से यहां लाने के बाद रिटायर्ड प्राध्यापक को अबोहर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया है, जबकि उसकी शिष्या भी पुलिस हिरासत में रहेगी। इससे पहले पुलिस ने लड़की के परिजनों के बयानों पर रिटायर्ड प्राध्यापक के खिलाफ धारा 363, 366 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। दोनों को आज जब अदालत में पेश करने के बाद बाहर लाया गया तो पुलिस उन्हें एक ही गाड़ी में ले गई। अदालत के बाहर लड़की का ताऊ और चचेरा भाई भी बैठा था। लेकिन, लड़की ने उन्हें भी अनदेखा कर दिया। उसके ताऊ ने बताया कि वे अपनी लड़की को समझाने के लिए कल भी थाने गए थे, लेकिन ऐसा लगता है कि रिटायर्ड प्रध्यापक ने पूरी तरह उसे अपने प्रभाव में लिया हुआ है।

चार साल पहले घर पर ही ट्यूशन पढ़ाना किया था शुरू  नई आबादी निवासी बुजुर्ग पूर्व प्रध्यापक को सरकारी नौकरी से रिटायर्ड हुए करीब 12 साल हो गए हैं। उसके बाद वो बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने लगे। चार साल पहले वह जैन नगरी निवासी लड़की को उसके घर पर ही ट्यूशन पढ़ाने लगे। उस समय लड़की की उम्र करीब 15 साल थी। बताया जाता है कि तब से ही रिटायर्ड प्राध्यापक ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया।

एक साल पहले प्रध्यापक की सरेआम पिटाई भी हुई  रिटायर्ड प्राध्यापक को उसकी शिष्या के परिजनों ने करीब एक साल पहले सरेआम बाजार में पीटा भी था। सूत्रों के मुताबिक जब एक दिन वो घर ट्यूशन पढ़ाने आया तो लड़की के परिजनों को उस पर शक हो गया। इसके बाद उसे बाजार में घेरकर न सिर्फ पीटा, बल्कि एक टांग भी तोड़ दी थी। बाबजूद इसके दोनों में प्रेम संबंध लगातार बना रहा। जैसे ही छात्रा बालिग हुई वह उसके साथ फरार हो गई।

Related Articles

Back to top button