News UpdateUttarakhand

ओवरलोड गन्ने से भरा ट्रक पलटा, दो कारें क्षतिग्रस्त

हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर गन्नों से भरा ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सर्विस रोड किनारे खड़ी दो कारें ट्रक के नीचे दब गईं। इनमें हरियाणा नंबर की एक कार गन्नों से लदे ट्रक के नीचे पूरी तरह दब गई, जबकि दूसरी कार का पिछला हिस्सा ट्रक की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि हादसे के समय दोनों कारों में कोई सवार नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शुगर मिलों में पेराई सत्र शुरू होने के साथ ही बड़ी संख्या में गन्ने से लदे वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। देर रात गन्नों से भरा एक ओवरलोड ट्रक हाईवे की सर्विस रोड से गुजर रहा था।प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवीडेल के सामने चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया। ट्रक पलटते ही सर्विस रोड किनारे खड़ी दो कारें उसकी चपेट में आ गईं। बताया गया कि हरियाणा नंबर की कार से एक परिवार रिश्तेदारी में हरिद्वार आया था।
हादसे के समय कार खाली खड़ी थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। ट्रक से गन्ने हटाकर दोनों कारों को बाहर निकाला गया और सर्विस रोड पर यातायात सुचारू कराया गया।
स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। एसएसआइ अनुज सिंह ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। ट्रक चालक की तलाश और घटना की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने ओवरलोड गन्ना वाहनों के संचालन पर भी सवाल उठाए हैं।

Related Articles

Back to top button