News UpdateUttarakhandसिटी अपडेट

एनआईटी श्रीनगर के निर्माण कार्यों में लायें तेजीः डाॅ. धन सिंह रावत

देहरादून। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) श्रीनगर के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ ही तेजी लाने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही स्थानीय लोगों के साथ पूर्व में किये गये वायदों के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने को भी कहा गया है। इसके अलावा एनआईटी के अधिकारियों को तकनीकी शिक्षा विभाग के श्रीनगर स्थित पाॅलीटेक्निक काॅलेज के भवनों को वापस विभाग को सौंपने के भी निर्देश दिये गये हैं। कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज अपने शासकीय आवास में तकनीकी शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान व कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने प्रौद्योगिकी संस्थान के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता रखने के साथ ही तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिये।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने वायदे के अनुरूप संस्थान को बिजली, पानी व सड़क जैसी आधारभूत सुविधाएं मुहैया करा दी है। संस्थान को बाकी अन्य कार्य स्वयं करने हैं। उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि कार्यदायी संस्थाओं की कार्यशैली अनुबंधों के अनुरूप नहीं प्रतीत हो रही है, जिस कारण स्थानीय लोगों में भी आक्रोश बना हुआ है। विभागीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि देने वाले एवं आस-पास के ग्रामीणों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार के साथ ही स्वरोजगार के भी अवसर दिये जाय। उन्होंने संस्थान द्वारा राजकीय पाॅलीटेक्निक श्रीनगर में अधिगृहित भवनों को धीरे-धीरे तकनीकी शिक्षा विभाग को वापस करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने प्रौद्योगिकी संस्थान के अधिकारियों को एनआईटी की सीमा में आने वाले ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।
तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने विभाग के अंतर्गत होने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों के वार्षिक स्थानांतरण नियत समय पर करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर विभाग के अंतर्गत सम्बद्ध एवं प्रतिनियुक्ति पर अन्य विभागों में तैनात समस्त कार्मिकों का प्रतिनियुक्ति एवं सम्बद्धीकरण समाप्त कर उन्हें  वापस मूल पदों पर भेजने के निर्देश दिये। बैठक में अपर सचिव तकनीकी शिक्षा मनुज गोयल, डीन एनआईटी श्रीनगर प्रो. विवेक श्रीवास्तव, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, कुलसचिव एनआईटी श्रीनगर एच.एम. आजाद, सचिव यूबीटीआर डाॅ. मुकेश माण्डेय, संयुक्त निदेशक प्राविधिक शिक्षाा आलोक मिश्र, उप निदेशक प्राविधिक शिक्षा एस.के. वर्मा सहित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button