National

तब्लीगी जमात के सदस्यों ने देश में कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार को कर दिया बेकाबू

नई दिल्ली । दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके के मरकज में जमा हुए तब्लीगी जमात के सदस्यों ने देश में कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार को बेकाबू कर दिया है। एक दिन में तीन सौ से ज्यादा (386) नए मामले सामने आए हैं, जिनमें अकेले पौने दो सौ से ज्यादा तब्लीगी ही हैं। देशभर में संक्रमितों की संख्या 19 सौ को पार कर गई है। महाराष्‍ट्र में कोरोना वायरस से बुधवार को छह लोगों की मौत हो गई जबकि 33 नए मामले सामने आए। अकेले मुंबई में ही 30 नए मामलों की पुष्टि हुई है। पुणे में दो और बुलढ़ाणा में एक व्‍यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। राज्‍य में एक ही दिन में छह लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है।

मुंबई में पांच की मौत महाराष्‍ट्र में कोरोना वायरस से एक ही द‍िन में छह लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन पुरुष और तीन महिलाएं हैं। अकेले मुंबई में ही पांच लोगों की मौत हुई है। राज्‍य में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 16 पर पहुंच गया है। यही नहीं सूबे में बुधवार को 33 नए मामले सामने आए। महाराष्‍ट्र में संक्रमितों की संख्या 335 पहुंच गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे (Rajesh Tope) ने संक्रमितों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई है, उनका कहना है कि पांच हजार से ज्यादा लोग अत्यधिक जोखिम की श्रेणी में हैं। इन सभी लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। ये वो लोग हैं जो राज्य में पाए गए 162 संक्रमितों के संपर्क में आए थे।

यूपी में कोरोना से पहली मौत उत्तर प्रदेश में दो लोगों की मौत हुई है। उत्तर प्रदेश में कोरोना से ये पहली मौतें हैं। देश में मरने वालों का आंकड़ा 49 पर पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्यों के स्वास्थ्य विभागों के मुताबिक संक्रमितों की संख्या में तेजी से जो बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है वो तब्लीगी जमात में शामिल लोगों के चलते है। एक दिन के भीतर संक्रमण के 386 मामले आए हैं, जिनमें से 186 तब्लीगी जमात के सदस्य हैं। देश में अभी तक संक्रमितों की संख्या 1903 हो गई है। इनमें 47 विदेशी, 49 मृतक और 132 स्वस्थ हो चुके लोग भी शामिल हैं।

तमिलनाडु में 110 और आंध्र प्रदेश में 43 नए मामले  तमिलनाडु में 110 नए मामले सामने आए हैं। एक दिन में देश के किसी भी राज्य में अब तक मिले नए मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। ये सभी तब्लीगी जमात में शामिल हुए थे। इनको मिलाकर राज्य में 234 संक्रमित हो गए हैं। दो दिन पहले यह संख्या 57 थी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य के 15 जिलों में ये नए मामले पाए गए हैं। पश्चिमी तमिलनाडु में जमात से लौटे 59 तब्लीगियों को सरकारी अस्पतालों में आइसोलेशन में रखा गया है। आंध्र प्रदेश में 43 नए संक्रमित पाए गए हैं। ये भी तब्लीगी जमात से लौटे थे। इनको मिलाकर राज्य में संक्रमितों की संख्या 87 हो गई है।

दिल्ली में 32 नए केस जिनमें 29 तब्लीगी  दिल्ली में 32 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें 29 तब्लीगी हैं। इनको मिलाकर संक्रमितों की संख्या 152 हो गई है। असम में चार नए मामले सामने आए हैं। इनको मिलाकर राज्य में संक्रमितों की संख्या पांच हो गई है और ये सभी भी तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल होकर लौटे थे। मध्य प्रदेश में भी 21 नए मामले मिले हैं और राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 87 पर पहुंच गया है। केरल में 24 नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 265 हो गई है। गुजरात में आठ नए मामले सामने आए हैं और राज्य में कुल 82 संक्रमित हो गए हैं। इसी तरह बंगाल में 10 नए केस मिले हैं और 37 संक्रमित हो गए हैं।

उत्तर प्रदेश में 107 संक्रमित कर्नाटक में चार नए केस सामने आए हैं और संख्या 105 हो गई है। एक नए मरीज के साथ बिहार में संक्रमितों की संख्या 23 हो गई है। 15 नए केस के साथ राजस्थान में 108 संक्रमित और तीन नए मामले के साथ उत्तर प्रदेश में अभी तक कुल 107 संक्रमित पाए गए हैं, इनमें अकेले गौतमबुद्धनगर में 48 मामले हैं। प्रदेश में पहली दो मौतें हुई हैं। गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बस्ती के रहने वाले 25 साल के युवक की मौत हुई है, जबकि मेरठ में 72 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है। यह व्यक्ति महाराष्ट्र के अमरावती से लौटे अपने दामाद के संपर्क में आने पर संक्रमित हुआ था। चंडीगढ़ में दो केस मिले हैं और संख्या 15 हो गई है।

कोरोना का प्रसार यदि राज्‍यवार आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो महाराष्ट्र- 335, केरल – 265, तमिलनाडु – 234, दिल्ली – 152, उत्तर प्रदेश – 107, कर्नाटक -105, राजस्थान – 108, तेलंगाना – 77, गुजरात – 82, मध्य प्रदेश – 87, जम्मू-कश्मीर – 55, पंजाब – 46, आंध्र प्रदेश – 87, हरियाणा – 29, बंगाल – 37, बिहार -23, लद्दाख – 13, चंडीगढ़ – 15, अंडमान-निकोबार -10, छत्तीसगढ़ – 9, उत्तराखंड – 7, गोवा -5, असम – 5, हिमाचल प्रदेश – 3, ओडिशा – 3, पुडुचेरी, मणिपुर, मिजोरम और झारखंड में एक एक मामले सामने आए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button