Politics

शीर्ष पद पर गांधी परिवार से बाहर का व्यक्ति होने से पार्टी हो जाएगी विभाजितः-नटवरसिंह

नई दिल्ली। राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद नेतृत्व संकट में उलझी कांग्रेस में प्रियंका गांधी वाड्रा को अध्यक्ष बनाए जाने की मांग उठ रही है। नटवर सिंह भी रविवार को मांग करने वालों में शामिल हो गए। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शीर्ष पद पर गांधी परिवार से बाहर का व्यक्ति होने से पार्टी विभाजित हो जाएगी। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में गोलीबारी के शिकार लोगों के परिवारवालों से मिलने गई प्रियंका की सराहना करते हुए पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने कहा कि उनमें पार्टी का नेतृत्व करने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा, ‘इस बात को देखिए कि उत्तर प्रदेश के एक गांव में उन्होंने क्या किया। यह आश्चर्य पैदा करता है। वह वहां रुकी और वह किया जो वह करना चाहती थीं।’  नटवर सिंह ने कहा कि राहुल का फैसला कि गांधी परिवार से बाहर का कोई पार्टी के शीर्ष पद पर बैठे। यह फैसला वापस लिया जाना चाहिए। यह पूछने पर कि क्या प्रियंका अध्यक्ष पद पर चुनी जा सकती है, उन्होंने कहा कि यह उन्हीं पर निर्भर करता है क्योंकि उनके भाई ने कहा है कि गांधी परिवार का कोई भी कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बनेगा। अब परिवार को यह फैसला बदलना होगा और केवल वही यह कर सकते हैं।

अत्यंत खराब स्थिति में है कांग्रेस, उबरने के आसार भी नहीं  इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री नटवर सिंह ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार और आगे भी सत्ता के शीर्ष पर बने रहेंगे। इसका कारण यह है कि कांग्रेस अत्यंत खराब स्थिति में है और निकट भविष्य में उसके उबरने के आसार नहीं दिख रहे हैं। 2008 में कांग्रेस छोड़ने वाले नटवर दो दशकों से ज्यादा समय तक पार्टी से जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब 130 साल से ज्यादा पुरानी पार्टी बिना अध्यक्ष की है। यूपीए-1 के कार्यकाल में नटवर विदेश मंत्री रहे थे।

पीएम मोदी को बताया अजेय नेता  उन्होंने कहा कि मोदी के लिए विशाल बहुमत से साबित होता है कि वह अजेय नेता हैं। प्रधानमंत्री बनने से पहले मोदी के साथ हुई मुलाकात याद करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री को उन्होंने कहा था कि जब वह प्रधानमंत्री बनें तो पड़ोसियों को आमंत्रित करें। उन्होंने ऐसा इसलिए नहीं किया क्योंकि यह सुझाव उनका था बल्कि यह बात उनके दिमाग में बस गई होगी।

प्रियंका की पैरोकारी कर रहे कांग्रेस नेताओं को नटवर ने दिया टॉनिक  कांग्रेस के नये अध्यक्ष की जारी खोज के बीच पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के बयान ने पार्टी की कमान प्रियंका गांधी वाड्रा को सौंपने की वकालत करने वाले नेताओं को अपनी आवाज और मुखर करने का जज्बा दे दिया है। प्रियंका की पैरोकारी करने वाले नेताओं का मानना है कि किसी गैर गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर 24 घंटे में ही पार्टी में बिखराव की नटवर की टिप्पणी एक बार फिर गांधी परिवार के नेतृत्व का रास्ता खोल सकता है। राहुल गांधी के उत्तराधिकारी के तौर पर गांधी परिवार के बाहर के चेहरे को ढूंढ़ने में संघर्ष कर रही कांग्रेस ने औपचारिक या अनौपचारिक तरीके से भले ही नटवर सिंह के बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। मगर संसद के गलियारे में पार्टी के कई नेताओं ने अनौपचारिक बातचीत में माना कि नटवर के बयान के बाद प्रियंका को कांग्रेस का नेतृत्व सौंपने की मांग तेज हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button