National

दंगल गर्ल गीता और बबीता के पिता महावीर फौगाट अब राजनीति के अखाड़े में दिखाएंगे दांव पेंच

चंडीगढ़। दंगल फेम अंतरराष्‍ट्रीय पहलवान गीता और बबीता फाैगाट के पिता पहलवान महावीर फौगाट राजनीति के अखाड़े में कूद पड़े हैं। महावीर ने दुष्‍यंत चौटाला का हाथ थामा है और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) में शामिल हो गए हैं। उनको जेजेपी के खेल विंग का प्रधान बनाया गया है। जेजेपी के लिए नए वर्ष पर यह अहम कामयाबी मानी जा रही है। पार्टी ने मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद को छोड़कर बाकी अहम पदों पर नियुक्तियां कर दीं।

जेजेपी में छह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, केसी बांगड प्रधान महासचिव बने  इनेलो में अहम पदों पर रह चुके ओमप्रकाश चौटाला के पुराने साथियों को जेजेपी में पद दिए गए हैैं। जननायक जनता पार्टी ने छह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए हैैं। वरिष्ठ नेता अनंत राम तंवर, अहीरवाल से संबंध रखने वाले राव कंवर सिंह कलवाड़ी, पूर्व विधायक पंडित रामकुमार गौतम,  पूर्व आइएएस किरपा राम पूनिया और सोनीपत के तेलूराम जोगी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।। रामकुमार गौतम पूर्व में भाजपा विधायक दल के नेता रह चुके हैैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद अभी खाली, अजय चौटाला से होंगी मंत्रणा  गोहाना से चुनाव लड़ चुके डाॅ. केसी बांगड़ को जेजेपी का प्रधान महासचिव बनाया गया है। पार्टी ने खेल प्रकोष्ठ, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ, व्यापार प्रकोष्ठ व किसान प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्षों की भी घोषणा की है। अंतराष्ट्रीय पहलवान गीता फौगाट व बबीता फौगाट के पिता महावीर फौगाट को जेजेपी खेल प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। कुरुक्षेत्र विश्‍वविद्यालय के रजिस्ट्रार रह चुके डाॅ. जगदीश कादियान को बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। पानीपत के सुरेश मित्तल को व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजकुमार रिढाऊ को किसान प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उधर, बल्लभगढ़ में इनेलो के हलका प्रधान ठाकुर राजाराम जननायक जनता पार्टी में शामिल हो गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button