News UpdatePoliticsUttarakhand

हरेला पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के आह्रवान पर कांग्रेसियों ने किया प्रदेशभर में पौधारोपण

देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने आज हरेला पर्व के शुभ अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को इस पवित्र पर्व की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की लोक परम्परा का यह अद्भुत पर्व है। पूरे विश्व के पर्यावरण में उत्तराखण्ड के वनों, उद्यानों, राष्ट्रीय अभ्यारण्य, राष्ट्रीय पार्कों का अलग महत्व व योगदान है। इस अवसर पर श्री करन माहरा एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सोशल मीडिया चेयरमैन सुप्रिया श्रीनेत ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण किया तथा प्रदेश के समस्त कांग्रेसजनों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण करने की अपील की। उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा के आह्वान पर कांग्रेसजनों द्वारा पूरे प्रदेशभर में जिला, ब्लाक व नगर स्तर पर सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसके तहत लगभग 5 लाख वृक्ष लगाये जायेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि उत्तराखण्ड देश का एक विशिष्ठ राज्य है जिसमें कुल भूमि का 67 प्रतिशत भू-भाग वन भूमि है परन्तु वर्तमान में हमारे पास 47 प्रतिशत वन विद्यमान हैं व 20 प्रतिशत भूमि वन भूमि है किन्तु उसमें वन नहीं हैं। उन्होंने राज्य सरकार को सुझाव दिया कि 20 प्रतिशत खाली पडी वन भूमि में वन से जुडी गतिविधियां चलाने की योजना बनाकर उसे रोजगार से जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्र का देश एवं पर्यावरण की रक्षा में विशेष योगदान रहा है तथा उत्तराखण्ड ने देश एवं विश्व के पर्यावरण की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जिस प्रकार लगातार हिमालय के ग्लेशियर एवं हरियाली कम होती जा रही है उसकी रक्षा के लिए वृक्षा रोपण कार्यक्रमों का आयोजन आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि हिमालयी राज्य होने के कारण यहां के जनमानस का वृक्षों के प्रति विशेष श्रद्धा एवं आदर का भाव रहा है, परन्तु हमें केवल वृक्षा रोपण तक ही सीमित नहीं रहना है हमें इन पेड़ों की रक्षा भी सुनिश्चित करनी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में हरेला पर्व के रूप में वृक्षा रोपण को मनाने की परम्परा सदियों पुरानी रही है तथा कांग्रेस पार्टी की श्री हरीश रावत के नेतृत्व वाली सरकार ने इस पर्व को एक आन्दोलन के रूप में लेते हुए सघन वृक्षारोपण का अभियान चलाया था। आज विश्व पर्यावरण की रक्षा में देवभूमि उत्तराखण्ड के महत्व को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महान कार्य है, पेड़ विभिन्न तरीके से प्रकृति को संरक्षण देने का काम करते हैं। उन्होने प्रदेशभर के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि आज समय की मांग है कि हम सबको मिलकर पर्यावरण की रक्षा के साथ-साथ हिमालय की रक्षा के लिए भी आगे आना होगा। वृक्षारोपण कार्यक्रम के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बडी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button