National

आप में सिसोदिया और संजय सिंह में नंबर की लड़ाई चल रही है इसलिए संजय सिंह महज नाटक कर रहे हैंः-विजय गोयल

नई दिल्ली । मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर भाजपा को घेरने में जुटे आम आदमी पार्टी (आप) के नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह पर विजय गोयल ने जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि आप में नंबर दो की लड़ाई चल रही है। विजय गोयल ने दावा किया कि मुख्यमंत्री केजरीवाल उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को ज्यादा अहमियत देते हैं, इससे संजय सिंह परेशान हैं और पार्टी में अपना कद बढ़ाने के लिए सियासी नाटक कर रहे हैं। उन्हें भाजपा की चिंता करने के बजाय अपने बिखर रहे घर को संभालना चाहिए।

संजय सिंह ने विजय गोयल से पूछा था ये सवाल  दरअसल, आप नेता संजय सिंह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा सदस्य विजय गोयल को पत्र लिख पूछा था कि वह बताएं कि भाजपा बिजली व पानी का बिल माफ करने के पक्ष में है या नहीं? इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बताने की भी मांग की है? इस मांग को लेकर उन्होंने सोमवार को आप के अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ विजय गोयल के घर के बाहर धरना भी दिया।

भाजपा ने आप को दिया जवाब  इस धरने के बाद भाजपा नेताओं ने प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता करके आप को जवाब दिया। विजय गोयल ने कहा कि आप ने दिल्ली के लोगों के साथ वादाखिलाफी है। नगर निगम और लोकसभा चुनाव में जनता ने उन्हें जवाब दे दिया है और विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से जवाब देगी। उन्होंने कहा कि वह प्रदूषण की बढ़ती समस्या, खस्ता हाल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली सहित दिल्ली की कई समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से जवाब मांगा था जो आजतक नहीं मिला। केजरीवाल सरकार ने साढ़े चार वर्षो तक कोई काम नहीं किया और अब चुनाव नजदीक देखकर मुफ्त योजनाओं की घोषणा कर रही है। विजय गोयल ने कहा कि सरकार पिछले साढ़े चार साल में लोगों से वसूले गए बिजली व पानी के बिल वापस करे। इसे लेकर वह हस्ताक्षर अभियान चला रहे हैं। जब आप नेता धरना दे रहे थे उस समय भी वह आप सरकार के खिलाफ सदर बाजार में अभियान चला रहे थे।

श्याम जाजू ने कसा आप पर तंज  भाजपा के दिल्ली प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री पद के दावेदार की चिंता करने के बजाय आप नेताओं को यह बताना चाहिए उनकी पार्टी के अधिकांश संस्थापक सदस्य उन्हें छोड़कर क्यों चले गए? यदि आप नेताओं को दिल्ली की जनता की बहुत चिंता है तो उन्हें यह बताना चाहिए कि भ्रष्ट मंत्रियों, विधायकों व आप नेताओं के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई? उन्होंने कहा कि विधानसभा में भाजपा विधायकों को बोलने नहीं दिया जाता है, लेकिन आप नेता भाजपा नेता के घर के बाहर नाटक करने पहुंच जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button