News UpdateUttarakhand

जमीनी विवाद में पथराव, पांच लोग घायल

रुड़की। भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिकरोड़ा गांव में एक ही परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव होने लगा। जिसमें दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत करवाया। जिसके बाद घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया।
पुलिस ने झगड़ा कर रहे लोगों में से चार लोगों को हिरासत में लिया है। इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिकरोड़ा गांव निवासी रफीक की साल 2018 में मौत हो गई थी। मृतक रफीक के पास खेती की 36 बीघा जमीन थी। रफीक ने अपने तीनों बेटों सुलेमान, अतीक और शफीक के नाम नौ-नौ बीघा जमीन की हुई है। वहीं, 9 बीघा जमीन की देखभाल रफीक के बड़े भाई करते हैं, जिनका नाम भी रफीक है। रफीक के बेटे अतीक का आरोप है कि उनका बड़ा भाई सुलेमान उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहता है। जिसके चलते उनके साथ कई बार मारपीट भी कर चुका है। आरोप है कि शनिवार की सुबह भी उनके भाई ने उनके ऊपर हमला किया। जिसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से लाठी-डंडे चले। साथ ही पथराव भी हुआ। इस झगड़े में दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा है। मामले में भगवानपुर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि झगड़े की सूचना उन्हें मिली थी। जिसके बाद मौके पर पुलिस को भेजा गया। झगड़ा कर रहे लोगों में से 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया अभी किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button