News UpdateUttarakhand

जुगाड़ ट्रॉली से टोंस नदी में गिरी 16 साल की किशोरी

देहरादून। दूरस्थ त्यूणी थाना क्षेत्र से सटे उत्तरकाशी के सवाली क्यारी में बड़ा हादसा हो गया। यहां टोंस नदी पर बनी झूला गरारी में बैठकर अपने गांव जा रही 16 साल की किशोरी टोंस नदी में जा गिरी। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम किशोरी की खोजबीन में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को सुबह करीब 8 बजे थाना त्यूणी पुलिस को स्थानीय निवासी वीरेन्द्र रावत ने सूचना दी कि एक युवती टोंस नदी में गिर गई है। इस सूचना पर थाना त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ तत्काल मौके पर पहुंची और नदी में गिरी किशोरी की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी किशोरी का कोई पता नहीं लगा सका। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है।
थाना त्यूणी के प्रभारी विनय मित्तल ने बताया कि मेंद्रथ और हनोल के बीच में उत्तरकाशी सवाली क्यारी से टोंस नदी के ऊपर लगे झूला गरारी से शबीना (16) पुत्री यासीन निवासी बंखवाड़ जा रही थी। तभी शबीना का बैलेस बिगड़ा और वो नदी में जा गिरी। इस दौरान शबीना की बहन भी उसके साथ थी।
बता दें कि देहरादून जिले के दूरस्थ त्यूणी थाना क्षेत्र से सटे उत्तरकाशी सवाली क्यारी से टोंस नदी के ऊपर लगे झूला गरारी से काफी लोग आर पार होते हैं। सालों से टोंस नदी को पार करने का झूला गरारी ही एक मात्र रास्ता है। हालांकि ये काफी जोखिम भरा रास्ता है, लेकिन मजबूरी में लोग इसी रास्ते को अपनाते हैं। इसी वजह से कई बार ग्रामीण हादसों को शिकार भी होते हैं। ऐसा ही इस बार भी हुआ। यहां पर रोज लोगों को इधर से उधर यानि देहरादून जिले के गांव से उत्तरकाशी के गांव में आना जाना लगा रहता है।

Related Articles

Back to top button