News UpdateUttarakhand

मेरा गाँव मेरी सड़क योजना से उत्तराखण्ड में बनेंगी 36 सड़केंः ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी

देहरादून। सूबे के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों के ग्रामीण क्षेत्रों के चंहुमुखी विकास के लिए मेरा गाँव मेरी सड़क योजना के तहत 36 सड़क योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण अंचलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के चंहुमुखी विकास के लिए उनमें रोजगार, स्वरोजगार एवं आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई की परिधि से बाहर के संपर्क विहीन गांवों को सम्पर्कता प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। ग्राम्य विकास मंत्री ने बताया कि यदि आवश्यकता होगी तो और गांवों को सडक मार्ग से जोड़ने के लिए अनुपूरक बजट में धनराशि की व्यवस्था की जायेगी।
विदित हो कि इस योजना में मुख्य सडक से 1 किमी की दूरी पर स्थित संपर्क विहीन गांवों को सार्वमौसम सम्पर्कता हेतु सड़क निर्माण की कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की जाती है। विगत वर्ष इस योजना में 49 गांव हेतु सड़कें स्वीकृत की गयी थीं, जिन पर कार्य प्रारम्भ किया जा चुका है। इस योजना से गांववासियो को सभी मौसमों में आवागमन हेतु संपर्क मार्ग तो उपलब्ध होने के साथ-साथ स्थानीय उपज को बाजार तक लाने में भी सुविधा होगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष अन्य रोजगार के साधन भी विकसित होंगे।

Related Articles

Back to top button