Politics

महाराष्ट्र: विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक उठापटक, शिवसेना में शामिल हुए सचिन अहीर

मुंबई। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक उठापटक शुरू हो गई है। अब खबर है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) मुंबई के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सचिन अहीर, पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हो गए हैं। गौरतलब है कि सचिन अहीर के इस कदम से मुंबई एनसीपी को तगड़ा झटका लगा है। सचिन अहीर को मुंबई में एनसीपी का बड़ा चेहरा माना जाता है। ऐसे में उनके शिवसेना में जाने से विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी को नुकसान हो सकता है।  महाराष्ट्र में विपक्षी दलों को लगातार झटके लग रहे हैं। नेताओं के दल बदलने का दौर लगातार जारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एनसीपी नेता छगन भुजबल में शमिल हो सकते हैं हालांकि गुरुवार को उन्होंने ऐसी अटकलों पर विराम लगाते हुए उन्हें सिरे से नकार दिया।

ज्ञात हो कि पूर्व कांग्रेस नेता और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कुछ समय पहले कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। विखे पाटिले के बेटे सुजय विखे पाटिल ने लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी को अलविदा कह दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे। सुजय को बीजेपी ने अहमदनगर सीट से चुनावी मैदान में उतारा था और उन्हें जीत भी हासिल हुई थी। राधाकृष्ण विखे पाटिल फिलहाल महाराष्ट्र की बीजेपी सरकार में मंत्री हैं।

Related Articles

Back to top button