News UpdateUttarakhandसिटी अपडेट

पलटन बाजार के साड़ी और लहंगा शौरूम में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

देहरादून। सुबह पलटन बाजार में साड़ी और लहंगा शोरूम में भीषण आग लग गई। आग से शोरूम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह कोतवाली नगर को सूचना मिली कि पलटन बाजार स्थित एक दुकान के तृतीय तल पर आग लग गई है। उक्त सूचना पर कोतवाली नगर से पुलिस बल तथा फायर स्टेशन देहरादून से दमकल के वाहन तत्काल मौके पर पहुंचे तथा राहत व बचाव कार्य प्रारम्भ किया गया। मौके पर दमकल के 4 वाहनों द्वारा कडी मशक्कत के बाद कपडों की दुकान के तृतीय तल पर बने गोदाम में लगी आग पर काबू पाया गया।
घटना के सम्बन्ध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि पलटन बाजार स्थित ननकानी गारमेंट्स के तृतीय तल पर लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था तथा उक्त कार्य के लिये वैल्डिंग का कार्य करने वाले व्यक्ति आये हुए थे। इस दौरान तृतीय तल पर स्थित कपडे के गोदाम में अचानक आग लग गई तथा गोदाम में रखा सारा सामान जल गया। साथ ही पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
अग्निकांड में गोदाम के भीतर रखा साड़ी, लहंगा और अन्य कपड़ों का बड़ा स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आंकलन जांच और स्टॉक के मूल्यांकन के बाद ही सामने आ सकेगा।
पलटन बाजार देहरादून का सबसे बड़ा और व्यस्त बाजार माना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। राहत की बात यह रही कि आग बाजार के अत्यधिक व्यस्त समय में नहीं लगी। यदि यह घटना भीड़भाड़ के दौरान होती, तो जनहानि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता था। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Related Articles

Back to top button