13 लाख बच्चों की शिक्षा में सुधार के लिए 36 करोड़ रूपए का निवेश

देहरादून। सम्पर्क फाउंडेशन ने उत्तराखंड के शिक्षा विभाग के साथ मिलकर फेयरफील्ड बाय मैरियट में ‘एआई फॉर एजुकेशन इम्पैक्ट’ राज्य स्तरीय संवाद का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल गुरमीत सिंह द्वारा किया गया और उत्तराखंड के शिक्षा सचिव, आईएएस रविनाथ रमन ने स्वागत भाषण दिया। इस संवाद में राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, रवि शंकर सिंह, मुख्य तकनीकी अधिकारी- आईटीडीए और राज्य ई-गवर्नेंस मिशन टीम-उत्तराखंड के प्रमुख, नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) में साइंटिस्ट ‘एफ’ शामिल थे। इसके अलावा आईआईटी रूड़की, आईआईएम काशीपुर, एनआईसी, यूटीयू, दून यूनीवर्सिटीज़, डीआईटी यूनीवर्सिटीज़ जैसे संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस संवाद में सरकारी स्कूलों में बड़े स्तर पर काम कर रहे प्रैक्टिशनर्स के साथ-साथ एआई और नीति विशेषज्ञ भी शामिल हुए।
राज्यपालगुरमीत सिंह ने कहा, शिक्षा एक समान समाज की नींव है, और इसे सार्थक नवाचार के साथ मजबूत करना जरूरी है। चूंकि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हमारे सीखने और काम करने का अभिन्न हिस्सा बन गया है, इसलिए यह जरूरी है कि बच्चे इस बदलाव के साथ अच्छे से जुड़ सकें। अगर हम सावधानी से इस्तेमाल करें, तो एआई पढ़ाई-लिखाई के तरीके को बेहतर बना सकता है। इससे ऐसा सिस्टम बनेगा जो छात्रों की ज़रूरतों को समझेगा और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करेगा।“ शिक्षा सचिव रविनाथ रमन ने कहा, “जैसे-जैसे हम बच्चों की शुरुआती पढ़ाई और बुनियादी गणित को बेहतर बना रहे हैं, हमें ऐसे तरीके अपनाने चाहिए जो व्यावहारिक हों, बड़े स्तर पर लागू किए जा सकें और शिक्षकों व छात्रों की ज़रूरतों को ध्यान में रखकर बनाए गए हों। ऐसी तकनीक जो पढ़ाई की सामग्री को सही तरीके से पहुँचाने में मदद करती है और जानकारी देती है, उससे बेहतर योजना बनाने और फैसले लेने में मदद मिलती है, जिससे क्लास में पढ़ाई का स्तर सुधर सकता है।“
सम्पर्क फाउंडेशन ने टेक्नोलॉजी आधारित शिक्षा में अपने 20 साल पूरे करते हुए उत्तराखंड में अपने प्रयासों को और तेज़ कर दिया है। राज्य से गहरे जुड़ाव के चलते जहां इसके संस्थापक अनुपमा और विनीत नायर का संबंध राज्य से है। फाउंडेशन ने यहां 36 करोड़ रूपये के निवेश के साथ सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने पर जोर दिया है। फिलहाल, फाउंडेशन राज्य में 13 लाख बच्चों तक पहुंच बना चुका है और 16,000 सरकारी स्कूलों में 90,000 से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षित कर चुका है। इसके अलावा, 4,300 स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 5,000 और क्लासरूम विकसित करने की योजना है, जिससे पढ़ने और सीखने के अनुभव को और मजबूत किया जा सके। सम्पर्क फाउंडेशन के संस्थापक और चेयरमैन विनीत नायर ने कहा, “अगर सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो एआई शिक्षकों की तैयारी को आसान बना सकता है और कक्षा में हर बच्चे के लिए सीखने को ज्यादा व्यक्तिगत बना सकता है। उत्तराखंड की राज्य परियोजना निदेशक दीप्ति सिंह ने कहा, “एआई का वास्तविक महत्व तभी है जब इसे स्कूल स्तर पर आसानी से इस्तेमाल किया जा सके और कक्षा से मिलने वाले अनुभवों को सिस्टम स्तर पर बेहतर निर्णय लेने से जोड़ा जा सके।” फाउंडेशन के प्रेसिडेंट, डॉ के राजेश्वर राव ने फाउंडेशन के एक एआई-आधारित रियल-टाइम क्लासरूम मॉनिटरिंग एवं गवर्नेंस प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की घोषणा की, जिसे देशभर के 80,000 सरकारी स्कूलों में मुफ्त में लागू किया जाएगा।



