हरियाणा

हरियाणा में भाजपा और जेजेपी मिलकर सरकार बनाएंगे, राज्‍य में भाजपा का मुख्‍यमंत्री होगा और डिप्‍टी सीएम का पद जेजेपी को मिलेगा

नई दिल्‍ली । हरियाणा में सरकार बनाने का समर्थन लेकर भाजपा और दुष्‍यंत चौटाला की JJP (जननायक जनता पार्टी) से बातचीत जारी है। बातचीत को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के प्रस्‍तावित दौरे को छोड़ कर दिल्‍ली लौट आए हैं। अमित शाह और दुष्‍यंत चौटाला के बीच डिनर पर बातचीत होगी।  सूत्रों के अनुसार हरियाणा में सरकार बनाने के लिए भाजपा की सरकार को जेजेपी समर्थन देगी। भाजपा ने जेजेपी को राज्‍य सरकार में 2 कैबिनेट और एक राज्‍य मंत्री का प्रस्‍ताव किया है। शुक्रवार को दुष्‍यंत चौटाला भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह पहुंचे।  दोनों पार्टियों की बैठक के बाद भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने कहा कि हरियाणा में भाजपा और जेजेपी मिलकर सरकार बनाएंगे। राज्‍य में  भाजपा का मुख्‍यमंत्री होगा और डिप्‍टी सीएम का पद जेजेपी को मिलेगा। दोनों दलों के नेता कल राज्यपाल से मिलेंगे और राज्य में सरकार बनाने के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। जेजेपी नेता दुष्‍यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा को एक स्थिर सरकार देने के लिए भाजपा और जेजेपी का एक साथ आना महत्वपूर्ण था। मैं अमित शाह जी और नड्डा जी को धन्यवाद देना चाहता हूं। हमारी पार्टी ने तय किया था कि राज्य की बेहतरी के लिए सरकार का स्थिर होना जरूरी है। दिल्ली में शनिवार को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ अमित शाह से मिलने पहुंचे। हरियाणा के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। बराला ने कहा कि पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से चर्चा के बाद ही कुछ कह पाऊंगा।

      हरियाणा में भाजपा को समर्थन को लेकर JJP के अध्‍यक्ष दुष्‍यंत चौटाला ने कहा कि अभी दोनों पार्टियों से बातचीत जारी है। कुछ कहना जल्दबाजी होगी, उम्मीद है कि बातचीत में कुछ सकारात्मक बाहर निकलेगा। हमें सबकुछ फाइनल कर लेने दीजिए, उसके बाद प्रेस को जानकारी दी जाएगी। अगर हमारे समर्थन से सरकार बनी तो हम राज्य को आगे लकेर जाएंगे।  गौरतलब है कि हरियाणाा में संपन्‍न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को 40, JJP को 10 सीटें मिली हैं। वहीं कांग्रेस को 31 सीटें मिली हैं। हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटें हैं और बहुमत के लिए 46 सीटें चाहिए। एक साल पहले गठित पार्टी को 10 सीटें मिली हैं। सबसे नई पार्टी जजपा को 18 फीसद वोट मिले हैं।

Related Articles

Back to top button