News UpdatePoliticsUttarakhand

राहुल गांधी की समझौताहीन लड़ाई में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर खड़ाः गणेश गोदियाल

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल ’’वोट चोर-गद्दी छोड़’’ महारैली की अपार सफलता के लिए पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व को बधाई देते हुए कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश के कोने-कोने से जिस प्रकार पार्टी कार्यकर्ताओं ने हजारों की संख्या में दिल्ली पहुंचकर ’’वोट चोर-गद्दी छोड़’’ महारैली में शिरकत की उससे निश्चित रूप से पार्टी संगठन को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि ’’वोट चोर-गद्दी छोड़’’ महारैली में जिस प्रकार का उत्साह कार्यकर्ताओं में देखने को मिला है उससे स्पष्ट हो गया है कि केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा चुनाव आयोग जैसी देश की संवैधानिक संस्थाओं का उपयोग अपनी सत्ता के लिए करने के खिलाफ राहुल गांधी जी की निडर और समझौताहीन लड़ाई में पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी का हरेक कार्यकर्ता भाजपा की हिटलरशाही नीतियों तथा संवैधानिक संस्थाओं के दुरूपयोग के खिलाफ राहुल गांधी तथा कांग्रेस पार्टी की जनहित में लड़ी जाने वाली हर लड़ाई में मजबूती से खड़ा रहेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने यह भी कहा कि जिस प्रकार केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा केन्द्रीय ऐजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग अपने राजनैतिक हित साधने तथा सत्ता हांसिल करने के लिए किया जा रहा है, देश की संवैधानिक संस्थाओं पर हमला हो रहा है तथा जनता पर अपने हिटलरी आदेश थोपे जा रहे हैं उससे विपक्ष ही नहीं देश की जनता भी मोदी शासन से छुटकारा चाहती है, इसके लिए सभी विपक्षी दलों को भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होना पड़ेगा। गणेश गोदियाल ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेतागणों, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, एआईसीसी, पीसीसी सदस्यों, जिला, महानगर, ब्लाक व नगर अध्यक्षों, अनुषांगिक संगठन, विभाग एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों तथा सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि ’’वोट चोर-गद्दी छोड़’’ महारैली की सफलता में सहयोग के लिए सभी कांग्रेसजन धन्यवाद के पात्र हैं।

Related Articles

Back to top button