अगस्त क्रांति दिवस पर कांग्रेस सेवादल ने निकाली तिरंगा यात्रा

देहरादून। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘अगस्त क्रांति अमर रहे’ जैसे नारों के साथ स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यात्रा में देशभक्ति का जोश और उत्साह देखने को मिला। तिरंगा यात्रा से पूर्व प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ध्वज वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उपस्थित कांग्रेसजनों ने राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता आंदोलन के अमर सेनानियों को नमन किया।
इस अवसर पर हेमा पुरोहित ने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस भारत के स्वतंत्रता संग्राम के उस ऐतिहासिक अध्याय की याद दिलाता है, जब महात्मा गांधी के नेतृत्व में देशवासियों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ‘करो या मरो’ का संकल्प लिया था। आज आवश्यकता है कि हम स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की एकता, संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अगस्त क्रान्ति का दिन एक एैतिहासिक दिन है। आज ही के दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजी हुकूमत को भारत से निकालने के लिए राष्ट्र को अंग्रेजो भारत छोड़ो का नारा दिया जो पूरे देश में गूंजा और इसी नारे को लगाते हुए लाखों नर-नारियों ने देश की आजादी के लिए करो और मरो के नारे के साथ बढ़चढ़ कर आजादी के आन्दोलन में भाग लेने का संकल्प लिया। जिसे देखकर बिटिश हुकूमत भयभीत हो गई और आन्दोलन को क्रूरता से दबाना शुरू कर दिया। अंग्रेजी हूकूमत ने आजादी के दिवानो ंपर लाठियां तथा गोलियां वरसानी शुरू कर दी जिसमें अनेकों स्वतंत्रता सेनानी शहीद हुए तथा कई जेल में डाल दिये गये। इसके बावजूद भी आजादी के दिवानों ने हार नहीं मानी और दृढ निश्चय के साथ देश की आजादी के लिए संघर्ष करते हुए आगे बढ़ते चले गये तथा देश को आजादी दिलाई।
सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि कांग्रेस सेवादल सदैव राष्ट्रहित, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहा है। आज के दिन हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि देश की स्वतंत्रता और संविधान से प्राप्त अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और समानता पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। कार्यक्रम में गोपाल सिंह गडिया, पंकज क्षेत्री, जिलाध्यक्ष सुनील प्रधान, महानगर अध्यक्ष सावित्री थापा, शार्दुल नेगी, करतार नेगी, संजीव भट्ट, रेणु चुनारा, योगिता बिष्ट, मुक्ता सहगल, मंजू चैहान, ऋषिराम पैन्यूली, मालती, बिट्टू चैहान आदि कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने प्रतिभाग किया।




