नितिन नवीन के दौरे के विरोध में कांग्रेस ने किया हंगामा

रुद्रपुर\ उधम सिंह नगर। जिला मुख्यालय रुद्रपुर में बीजेपी की तरफ से पंजाबी गौरव सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई मंत्री शिरकत करेंगे। नितिन नवीन के दौरे से पहले रुद्रपुर में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
रुद्रपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन से पहले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर सड़क पर उतरे और नितिन नवीन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के समर्थन में भी नारे लगाए।
यूथ कांग्रेस का आरोप है कि राहुल गांधी को लेकर भाजपा की ओर से की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। नितिन नवीन के रुद्रपुर स्थित आर्क होटल में पंजाबी गौरव सम्मेलन में शामिल होने को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से अलर्ट था। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर नजरबंद कर दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि राहुल गांधी को लेकर भाजपा की ओर से की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से वे नाराज हैं। इसीलिए उन्होंने नितिन नवीन के रुद्रपुर दौरे का विरोध करने का निर्णय लिया है। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच वैचारिक और राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी भी राष्ट्रीय नेता के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं।
नितिन नवीन के कार्यक्रम को देखते हुए ऊधम सिंह नगर जिले के साथ ही यूपी के रामपुर जिले की पुलिस फोर्स को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रवेश और निकासी व्यवस्था के साथ ही वाहनों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी जा रही है।




