Politics

राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा ने राजनीति में शामिल होने का दिया संकेत

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा ने अपनी पत्नी प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में पदार्पण करने और कांग्रेस की महासचिव बनने के लगभग एक महीने बाद राजनीति में शामिल होने का संकेत दिया है। वाड्रा ने एक ताज़ा फेसबुक पोस्ट में कहा है कि मनी लॉन्ड्रिंग केस से नाम हटने के बाद वह देशवासियों की सेवा में बड़ी भूमिका निभाना चाहते हैं।

वाड्रा ने अपने इस पोस्ट में लिखा, ‘देश के लोगों ने इस तौर-तरीके को जान लिया है और उन्हें पता चल गया है कि इन आरोपों में कोई दम नहीं है। लोग मेरे पास आते हैं और मेरे अच्छे भविष्य की शुभकामनाएं देते हैं। जिन बच्चों को मैंने मदद पहुचाई है, उनसे मैंने बहुत कुछ सीखा और मजबूती पाई। दृष्टिहीन बच्चों के स्कूल, मदर टेरेसा मिशन, अनाथालयों, अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर मैं जाता रहा और अस्पताल-मंदिरों के बाहर भूखे लोगों को खाना खिलाया।’

वाड्रा ने कहा, ‘वर्षों की सीख और अनुभव ऐसे बेकार नहीं जाना चाहिए। इसे बेहतर तरीके से उपयोग के किया जाना चाहिए …। एक बार मेरे ऊपर लगे सभी आरोप हट जाएं, तो मैं बड़े स्तर पर लोगों की सेवा में लगूंगा।’

वाड्रा ने इस दौरान सरकार पर हमला बोला और कहा कि एक दशक से ज्यादा वर्षों से उनके नाम का उपयोग मुद्दों को भटकाने के लिए किया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले वाड्रा शुक्रवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पांचवीं बार इडी के सामने पेश हुए। इस दौरान उनसे 5 घंटे तक पूछताछ की गई। यह मामला विदेश में 19 लाख पाउंड की अघोषित संपत्ति से जुड़ा है।

Related Articles

Back to top button