News UpdateUttarakhandसिटी अपडेट

भाजपा ने कांग्रेस पर कोरोना संकट के समय संकीर्ण राजनीति करने का आरोप लगाया

देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस पर कोरोना संकट के समय संकीर्ण राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह से सवाल किया कि क्या वह चाहते हैं कि राज्य की सीमाएं खोल दी जाएं और प्रदेशवासियों की जान को संकट में डाल दिया जाए? भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजेंद्र अजय ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री सिंह समेत कई अन्य नेता लॉक डाउन के कारण विभिन्न स्थानों पर फंसे प्रवासियों के मुद्दे को लेकर राजनीति कर रहे हैं।
उत्तराखंड सरकार अपने स्तर से से निपटने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सरकार प्रवासियों के मुद्दे पर गंभीर और संवेदनशील रुख अपनाए हुए है। विश्व स्वास्थ्य संगठन, विशेषज्ञों, केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों और एडवाइजरी के दृष्टिगत जो कुछ संभव है, उसे पूरा किया जा रहा है। प्रदेश सरकार के स्तर पर प्रवासियों की हर संभव मदद का प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सतर्कता व एहतियाती कदमों का नतीजा है कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में है। कोरोना संक्रमण  रोकने में देशभर में उत्तराखंड तीसरे स्थान पर है। जहां पूरे देश में संक्रमण के मामले औसतन 7.5 दिन में दोगुने हो रहे हैं, वहीं उत्तराखंड में यह दर 26.3 दिन है। अजेंद्र ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयानों से यह लगता है कि वह चाहते हैं कि उत्तराखंड सरकार अपनी सीमाएं पूरी तरह से खोल दे और बेधड़क आवाजाही करने दे। भाजपा नेता ने कांग्रेस शासित राज्य छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री  श्री भूपेश बघेल द्वारा 15 अप्रैल को अपने प्रदेश की जनता के नाम जारी किए गए वीडियो संदेश का उल्लेख किया और उत्तराखंड के कांग्रेसियों को इसे देखने को कहा। इस वीडियो संदेश में श्री बघेल वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर अपने प्रवासी मजदूरों से जो जहां है, वहीं रहने की अपील कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने कांग्रेस शासित राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 20 अप्रैल को किए ट्वीट का भी हवाला दिया। इस ट्वीट में श्री गहलोत ने माना है कि उनके प्रदेश की यह सबसे बड़ी समस्या है। राजस्थान सरकार खुद को इस समस्या से निपटने में सक्षम नहीं मान रही है और गेंद को केंद्र के पाले में फेंक रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों के मुकाबले उत्तराखंड सरकार काफी संख्या में प्रवासियों को वापस लाई है। बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में आए लोगों को क्वारंटाइन कर उचित सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। अजेंद्र ने कांग्रेस अध्यक्ष श्री सिंह द्वारा आज कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस पर भी आपत्ति जताई और कहा कि कांग्रेस नेताओं ने सोशल डिस्टेंसिंग और लॉक डाउन की खुलेआम धज्जियां उड़ाई। उन्होंने कहा कि इससे लगता है कि कांग्रेस नेता इस महामारी को कितने हल्के में ले रहे हैं।

Related Articles

Back to top button