News UpdateUttarakhand

बदरीनाथ हाईवे जोशीमठ में कई स्थानों पर भूधंसाव की चपेट में

जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे जोशीमठ से मारवाड़ी तक लगातार भू-धंसाव की चपेट में है। यहां कई जगहों पर नई दरारें पड़ी हैं। जिन जगहों पर सीमा सडक संगठन (बीआरओ) की ओर से दरारों को सीमेंट से भर दिया गया था, वहां फिर से दरारें दिखने लगी हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब हाईवे पर ट्रेफिक नहीं है तब यह स्थिति है, जब चारधाम यात्रा के दौरान लाखों वाहनों का रैला उमड़ेगा, तो तब हाईवे की क्या स्थिति होगी।
जोशीमठ से मारवाड़ी तक 10 किलोमीटर के हिस्से में नौ जगहों पर हाईवे भू-धंसाव की चपेट में है। जोशीमठ बाजार से ही हाईवे पर दरारें पड़ी हुई हैं। मारवाड़ी में जेपी कंपनी के स्टोर के पास ऊपरी क्षेत्र में सीमेंट और पत्थर की करीब 40 मीटर दीवार का अधिकांश हिस्सा भू-धंसाव से काफी बाहर आ गई है। इसके अलावा एसबीआई शाखा के सामने, रेलवे गेस्ट हाउस के समीप, जीरो बैंड पर फरकिया पानी के पास, चुनार गांव जाने के रास्ते पर, जेपी कंपनी से 100 मीटर आगे, बीआरओ कार्यालय के समीप, मारवाड़ी फॉरेस्ट चैकी के पास, जेपी कंपनी के स्टोर के पास, मारवाड़ी पुल से 100 मीटर पहले हाईवे पर दरारें आई हैं। बीआरओ की ओर से जिन जगहों पर दरारों को सीमेंट से पाट दिया गया था, वहां फिर से दरारें दिखने लगी हैं। लगातार हो रहे भू-धंसाव से हाईवे की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में भू धंसाव के चलते दरारों का सिलसिला कहां जाकर रुकेगा कहा नहीं जा सकता। बदरीनाथ हाईवे पर पुरानी दरारें फिर से उभरने लगी हैं। मारवाड़ी के पास भी बदरीनाथ हाईवे पर पुरानी दरारें दिखने लग गई हैं, जबकि इससे पहले रविग्राम और सिंहधार वार्ड के क्षेत्र में बदरीनाथ हाईवे पर हल्की दरारें नजर आ चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button