Politics

अंतरराष्‍ट्रीय पहलवान और ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्‍तान संदीप सिंह भाजपा में शामिल

नई दिल्‍ली । हरियाणा विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद भाजपा ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। बृहस्‍पतिवार को अंतरराष्‍ट्रीय पहलवान और ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्‍तान संदीप सिंह भाजपा में शामिल हुए। उनको हरियाणा भारतीय जनता पार्टी  के अध्‍यक्ष सुभाष बराला ने पार्टी में शामिल कराया। इस मौके पर हरियाणा के शिअद विधायक बलकौर सिंह भी भाजपा में शामिल हुए। दोनों खिलाडियों के भाजपा में शामिल होने की काफी समय से चर्चा हो रही थी। बताया जाता है कि योगेश्‍वर दत्‍त और संदीप सिंह हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर मैदान में उतर सकते हैं। इस मौेके पर दोनों खिलाड़ि‍यों ने कहा कि भाजपा ने देश को नई दिशा दी है। वे भाजपा की नीतियों और कार्यों से प्रभावित होकर इसमें शामिल हो रहे हैं। पार्टी का जो भी आदेश होगा वह उसके हिसाब से कार्य करेंगे।  हरियाणा भाजपा अध्‍यक्ष सुभाष बराला ने दोनों खिलाड़ि‍यों का पार्टी में स्‍वागत किया। उन्‍होंने कहा कि योगेश्‍वर दत्‍त और संदीप सिंह के भाजपा में शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी। दोनों युवाओं के आदर्श हैं और पार्टी युवाओं को आगे लाने के लिए तत्‍पर है।

       बता दें कि योगेश्‍वर दत्‍त बुधवार को नई दिल्‍ली में सुभाष बराला से मिले थे। इसके बाद से उनके आज भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। योगश्‍वर ने पहले ही हरियाणा पुलिस की डीएसपी की अपनी नौकरी से इस्‍तीफा दे दिया था। इससे पहले योगेश्‍वर दत्त ने मंगलवार को मुख्यमंत्री मनोहरलाल से मुलाक़ात की थी। बताया जाता है कि वह जल्द ही भाजपा (BJP) में शामिल होंगे। बताया जाता है कि याेगेश्‍वर सोनीपत के गन्‍नौर या बड़ौदा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं। योगेश्वर दत्त ने हरियाणा पुलिस की डीएसपी (DSP) की नौकरी छोड़ दी है। इसी तरह संदीप सिंह के कुरुक्षेत्र या अंबाला जिले की किसी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। बलकौर सिंह हरियाणा मेें शिरोमणि अकाली दल के एकमात्र विधायक थे। पिछला चुनाव वह शिअद व इनेलो गठबंधन पर जीते थे। बता दें कि बुधवार को हरियाणा कांग्रेस समन्‍वय समिति की सदस्‍य कैलाशो सैनी भाजपा में शामिल हुई थीं। कैलाशो सैनी कुरुक्षेत्र से दो बार सांसद भी रही हैं।

Related Articles

Back to top button