Politics

अमितशाह का आन्ध्रप्रदेश की जनता के नाम खुला पत्र, मोदी सरकार के विकास कार्यो को गिनाया

नई दिल्ली। आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के दिल्ली में अनशन के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राज्य की जनता को खुला पत्र लिखा है। आंध्रप्रदेश की जनता को लिखे पत्र में शाह ने विस्तार से बताया है कि किस तरह चंद्रबाबू नायडू केंद्र सरकार के खिलाफ झूठा आरोप लगा रहे हैं। इसके साथ ही केंद्र सरकार की विकास योजनाओं पर अड़ंगा लगाकर जनता के साथ धोखा भी कर रहे हैं। शाह के अनुसार कभी कांग्रेस की तानाशाही नीतियों के खिलाफ खड़ी हुई तेलगू देशम पार्टी को नायडू ने उसी कांग्रेस की पिछलग्गू बना दिया है।

आंध्रप्रदेश के विकास के लिए चलाई जा रही मोदी सरकार की विकास कार्यों को गिनाया

अपने 13 पन्नों के पत्र में अमित शाह ने आंध्रप्रदेश के विकास के लिए मोदी सरकार की ओर से किये कामों का विस्तार से वर्णन किया है। इससे आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य के दर्जे से होने वाले फायदे से कहीं ज्यादा लाभ हुआ है। कभी खुद चंद्रबाबू नायडू ने आंध्रप्रदेश की विधानसभा में सार्वजनिक रूप से मोदी सरकार की ओर से राज्य को मिल रही आर्थिक मदद की प्रशंसा की थी। यही नहीं, विधानसभा ने बाकायदा इस संबंध में प्रस्ताव भी पारित किया था, लेकिन धोखा देने की पुरानी आदत के तहत चंद्रबाबू नायडू अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए मोदी सरकार पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।

आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने में दिक्कत बताते हुए अमित शाह ने कहा कि 14वें वित्त आयोग की सिफारिशों के कारण यह संभव नहीं है, लेकिन केंद्र सरकार उसी 14वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप आंध्रप्रदेश को पांच साल के लिए विशेष सहायता देने के लिए तैयार है। इससे तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के फरवरी 2014 के बयान के तहत 2015-16 से 2019-20 के बीच जितना धन आंध्रप्रदेश को मिलता, उतना धन विशेष सहायता के तहत मिल जाएगा। शाह के अनुसार पिछले साल फरवरी में आंध्रप्रदेश के अधिकारियों के साथ इसके लिए विशेष कंपनी (एसपीवी) बनाने पर चर्चा हुई थी। लेकिन आंध्रप्रदेश सरकार की ओर इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। शाह ने जहां एक ओर आंध्रप्रदेश में केंद्र सरकार की ओर से लागू की जा रही तीन लाख करोड़ से अधिक परियोजनाओं को गिनाया, वहीं एनटीआर की सरकार को असंवैधानिक तरीके से बर्खास्त करने वाली कांग्रेस के साथ गलबहियां करने पर चंद्रबाबू नायडू को आड़े हाथों भी लिया। शाह ने बताया कि किस तरह नायडू ने कांग्रेस की तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाने के लिए बनी तेलगू देशम पार्टी के मूल सिद्धांतों को ही त्याग दिया है। शाह ने कहा कि आंध्रप्रदेश की जनता चंद्रबाबू नायडू के इन करतूतों को अच्छी तरह जान रही है और आने वाले चुनाव में वह इसका जवाब भी देगी।

Related Articles

Back to top button