News UpdateUttarakhand

एडीएम ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर मारा छापा, मिली कई अनियमिताएं

रामनगर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अशोक जोशी ने रामनगर तहसील में सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर छापा मारा। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद छापेमारी की कार्रवाई की गई। इस दौरान सब रजिस्ट्रार कार्यालय में कई खामियां मिली। जिसके बाद उन्होंने प्रभारी सब रजिस्ट्रार को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
वहीं, अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी ने बताया कि लंबे समय से रामनगर सब रजिस्टार कार्यालय में रजिस्ट्री कराने को लेकर लोगों को बेवजह परेशान करने और निबंधन का निर्धारित शुल्क से अधिक शुल्क लेने की शिकायतें मिल रही थी। जिसको लेकर जिलाधिकारी के निर्देश पर उन्होंने यह कार्रवाई की। उन्होंने बताया कार्रवाई के दौरान पाया गया कि सब रजिस्ट्रार कार्यालय से कुछ लोगों की निबंधन की मूल प्रति पात्र व्यक्तियों को 18 मई के बाद से आज तक नहीं दी गई। जिसको लेकर उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रभारी सब रजिस्ट्रार को निर्देश दिए गए हैं कि सेम डे पर रजिस्ट्री करने के साथ ही उसको निबंधन पत्र उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि रजिस्ट्री के निर्धारित शुल्क से अधिक शुल्क लिए जाने के मामले में जांच की जा रही है, यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा सरकार की मंशा है कि सरकारी कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्या का समाधान समय पर किया जाए। अपर जिलाधिकारी की इस कार्रवाई को लेकर तहसील परिसर में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान तहसीलदार बीसी पंथ के साथ ही अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button