News UpdateUttarakhandसिटी अपडेट

देहरादून जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार, घबराने की आवश्यकता नहींः जिला पूर्ति अधिकारी

देहरादून। जनपद देहरादून में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से ईंधन का स्टॉक न करें और अफवाहों पर ध्यान न दंे। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों पर जनपद के पैट्रोल पंपों का सघन निरीक्षण भी किया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में विभिन्न तेल कंपनियों के कुल 167 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं, जिनमें इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन (आईओसीएल) के 72, भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) के 34, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) के 41, नायरा के 10 तथा रिलायंस के 18 पेट्रोल पंप शामिल हैं। सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा की जा रही है तथा तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों पर तेल कंपनियों से प्रतिदिन स्टॉक की जानकारी प्राप्त की जा रही है। 29 मई, 2026 की स्थिति के अनुसार जनपद के पेट्रोल पंपों पर 2526 किलोलीटर पेट्रोल तथा 2074 किलोलीटर डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की नियमित आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है तथा कहीं भी आपूर्ति प्रभावित होने की कोई सूचना नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि ईंधन की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है। जनपद में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button