National

आसाराम को सजा के बाद पापा को बोला थैंक्स और मां से लिपटकर रो पड़ी बहादुर बिटिया

शाहजहांपुर । जिस वक्त देश विदेश की मीडिया की निगाहें जोधपुर कोर्ट के फैसले पर लगी थीं, तब बहादुर बेटी अपनी करियर की उड़ान के लिए परीक्षा दे रही थी। पेपर खत्म होने पर उसके साथ गए भाई ने उसे आसाराम को उम्र कैद की सजा समेत फैसले की जानकारी दी तो उसकी आंखें भर आईं। भीड़ की निगाहों से बचकर घर पहुंची। सबसे पहले पापा को थैंक्स बोला और… मां के आंचल से लिपट कर रो पड़ी। जवाब में पिता का भी दुलार मिला। उन्होंने सिर पर हाथ फेरा। हिम्मत बढ़ाई। यह कहते हुए कि बेटी तू बहुत बहादुर है, तेरी हिम्मत से ही विजय मिली।

घर पर मीडिया का जमावड़ा

बुधवार दोपहर 40 डिग्री तापमान के बीच पूरे देश का मीडिया पीडि़ता के घर पर जुटा था। हर कोई उससे बात करना चाहता था लेकिन, वह घर में ही मौजूद नहीं थी। न्याय की लड़ाई जीतने के साथ ही अपने सुनहरे भविष्य के लिए बीए की परीक्षा देने गई हुई थी।

अर्से बाद चेहरे पर दिखी खुशी

बिटिया के चेहरे पर 25 अप्रैल का सूरज खुशी का पैगाम लेकर आया। परीक्षा से लौटकर काफी देर तक परिजनों के साथ खामोश बैठी रही। कुछ नहीं बोली। कुरेदने पर चेहरे के भाव बदले। सुकून दिखा। कैसा लग रहा है? क्या कहेंगी फैसले पर? तब मुंह से यही निकला, थैंक्स और इससे ज्यादा क्या कहूं। सभी का बहुत सहयोग रहा। धन्यवाद..।

Related Articles

Back to top button