crimeNews UpdateUttarakhand

बेखौफ बदमाश ने दिनदहाड़े सरेराह महिला के गले से सोने की चेन छीनी

ऋषिकेश। ऋषिकेश में कानून व्यवस्था को धता बताते हुए बेखौफ बदमाश ने दिनदहाड़े सरेराह एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। बदमाश चेन झपटकर मौके से फरार हो गया। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पीड़िता रुबी उर्फ अंजली पत्नी सचिन निवासी जाटवनगर, कुतुबशेर, जिला सहारनपुर, उत्तरप्रदेश ने ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ऋषिकेश के आशुतोषनगर में उसका मायका है। चाची की तबीयत खराब होने के कारण वह पिछले कुछ दिनों से ऋषिकेश मायके में आई हुई है।
बताया कि एक दिन पहले शुक्रवार शाम वह बाबा सदानंद मार्ग स्थित प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती चाची को देखने के बाद पैदल ही आशुतोषनगर स्थित घर लौट रही थी। इसी बीच माडर्न स्कूल के पास पीछे से तेजी से आए एक युवक ने उसके गले से चेन खिंची और धक्का देकर भाग निकला। इस घटना से वह इस कदर घबरा गई कि शोर भी नहीं मचा सकी। घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। बताया कि सोने की चेन करीब एक तोले की है। पीड़िता ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे में चेन झपटकर भागने वाला युवक का चेहरे जरूर आया होगा। महिला ने मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की। वरिष्ठ उपनिरीक्षक डीपी काला ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही चेन झपटने वाले को धर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button