News UpdateUttarakhand

चमोली जिले के देवाल ब्लॉक क्षेत्र में नदी में डूबने से चार छात्रों की मौत

चमोली। जनपद के थराली विधानसभा के देवाल विकासखंड के अंतर्गत कलसिरी गांव के नीचे कैल नदी में चार किशोरों की नदी में डूबने से मौत हो गई। ये चार किशोर शुक्रवार दोपहर से ही लापता थे। शनिवार सुबह नदी में शव उतराते हुए दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। चारों किशोरों के शवों को नदी से निकाला गया है। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पिंडर की सहायक धारा कैल में चार किशोरों के डूबने से मौत हो गई। यह हादसा विकासखंड देवाल मुख्यालय से लगे कलसिरी गांव के नीचे कैल नदी में हुआ। मरने वाले किशोर 15 से 17 आयु वर्ग के हैं। स्थानीय लोगों की मदद से चारों शवों को निकाल लिया गया है। इस घटना से पूरे विकासखंड में शोक की लहार छा गयी हैं। शुक्रवार को चारों किशोर दोपहर बाद अचानक लापता हो गए थे। परिजनों द्वारा पूरी रात खोजबीन के बावजूद भी उनका कोई भी पता नहीं चल पा रहा था। शनिवार सुबह जानकारी मिली की हाट कल्याणी-सवाल मोटर सड़क के किनारे बसे कलसिरी गांव के नीचे कैल नदी में किशोरों के शव नदी में उतराते हुए दिख रहे हैं। जानकारी मिलते ही लापता बच्चों के परिजनों के साथ ही कई लोगों घटनास्थल पर पहुंच गए। मरने वाले किशोरों की पहचान धरागांव के प्रियांशु पुत्र रघुवीर बिष्ट, ओडर गांव के गौरव सिंह पुत्र भरत सिंह, सोड़िग सरकोट के अंशुल पुत्र स्वर्गीय हरेंद्र सिंह बिष्ट और इच्छोली के अनिल मिश्रा पुत्र राकेश मिश्रा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से चारों शवों को बाहर निकाला गया। सूचना के बाद भी पुलिस एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ समय पर नहीं पहुंची। देवाल चौकी से पुलिसकर्मी जब घटनास्थल पर पहुंचे तब तक लोगों ने शवों को नदी से बाहर निकाल लिया था। चारों किशोर राजकीय इंटर कालेज देवाल में कक्षा 9 से 11 तक के छात्र हैं।

Related Articles

Back to top button