News UpdateUttarakhand

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने झारखंड विधानसभा का भ्रमण किया

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने झारखंड राज्य के प्रवासीय दौरे के दौरान रविवार को राँची में झारखंड विधानसभा का भ्रमण किया। इस मौके पर झारखंड विधानसभा के सचिव सहित अन्य अधिकारियों ने उत्तराखंड स्पीकर को प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिवादन किया।
विधानसभा भवन, राँची में उत्तराखंड स्पीकर एवं झारखंड विधानसभा के सचिव महेंद्र प्रसाद के बीच अपने-अपने राज्य की विधानसभा से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा वार्ता हुई। श्री अग्रवाल ने बताया कि उत्तराखंड विधानसभा में इस सत्र के दौरान सतत विकास लक्ष्यों पर चर्चा हेतु पूरे 1 दिन का उपवेशन रखा गया जिसमें सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के विधायकों द्वारा गंभीर रूप से चर्चा की गई वहीं कई महत्वपूर्ण सुझाव भी सदन पर रखे गए।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने झारखंड विधान सभा के अधिकारियों को बताया  कि उत्तराखंड विधानसभा की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसेंण में स्थित है जिसको लेकर श्री अग्रवाल ने वहां के विधानसभा भवन एवं अन्य विशेषताओं के बारे में जानकारी देते  हुए गैरसेंण आने के लिए आमंत्रित भी किया। इस दौरान  विधानसभाओं के कार्य संचालन नियमावली एवं समितियों से संबंधित विषयों पर भी जानकारी साझा की गयी।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने झारखंड विधानसभा परिसर, सदन, पुस्तकालय सहित अन्य विभागों का निरीक्षण भी किया।
इसके साथ ही राँची में राज्य अतिथि आवास पर बीजेपी की झारखंड महिला मोर्चा की अध्यक्ष आरती सिंह के  नेतृत्व में  महिला पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया। साथ ही विगत दिनों देहरादून में संपन्न हुई बीजेपी की  महिला मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी  की बैठक एवं ऋषिकेश में गंगा आरती के सफल आयोजन एवं स्वागत, अभिनंदन की व्यवस्थाओं को लेकर महिला पदाधिकारियों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button