National

हमले के बाद हाई अलर्ट, कल गृहमंत्री श्रीनगर में वरिष्ठ अधिकारियों से बैठक करेंगे

जम्मू। कश्मीर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपुब) काफिले पर आत्मघाती हमले से उपजे हालात का जायजा लेने शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह श्रीनगर पहुंच रहे हैं। केरिपुब के डीजी आरआर भटनागर व गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आ रहे गृहमंत्री श्रीनगर में वरिष्ठ अधिकारियों से बैठक करेंगे। इसके बाद मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों व उनसे निपटने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर चर्चा करेंगे। राजनाथ सिंह ने राज्यपाल सत्यपाल मलिक से टेलीफोन पर बात कर स्थिति का जायजा लिया। हमले से उपजे हालात के बाद गृहमंत्री ने शुक्रवार को बिहार दौरे को रद कर दिया। वह कश्मीर दौरे के दौरान राज्यपाल से भी भेंट कर सकते हैं।

केरिपुब पर हुआ हमला राज्य में वर्ष 2002 के बाद सुरक्षाबलों पर हुआ अब तक का बड़ा हमला है। ऐसे में रक्षा मंत्रालय व गृह मंत्रालय ने भी सेना, सुरक्षाबलों को सतर्कता का स्तर बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार सेना, सुरक्षा बलों के काफिलों के साथ सैन्य सुरक्षाबलों के प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का नए सिरे से आंकलन कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। केरिपुब के डीजी आरआर भटनागर ने भी केरिपुब कश्मीर सेक्टर के आइजी से बात कर मौजूदा हालात के बारे में जानकारी ली।

Related Articles

Back to top button