कांग्रेस जीत के दावे ख्याली पुलाव, देवभूमि के अपमान का जनता सिखाएगी सबकः भट्ट

देहरादून। भाजपा ने कांग्रेसी जीत के दावों को वो ख्याली पुलाव बताया, जिसकी दावत जनता उनको कभी नही देने वाली है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र ने आईना दिखाया कि उत्तराखंड के स्वाभिमान को राहुल गांधी के सामने गिरवी रखने वालों को जनता इस बार माफ नहीं करेगी। पहले दो विधानसभा चुनावों में जनता ने कांग्रेस को हाफ किया था इस बार पूरी तरह साफ कर देगी। विभिन्न माध्यमों से मीडिया द्वारा पूछे सवालों के जबाब में बयान जारी कर उन्होंने तंज कसा कि पूरे 5 साल जनता के बीच से गायब रहने वाली कांग्रेस अभी अभी चुनावों के लिए जागी है। शायद अभी नींद की खुमारी है और इसके चलते उनके नेता जीत को लेकर मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। लेकिन इस दौरान प्रदेश में विकास की गंगा मे बहुत पानी बह चुका है। उसपर उन्होंने गलतफहमी का चश्मा पहना हुआ है। यही वजह है कि वे चारो तरफ बदले हुए उत्तराखंड को देखना ही नहीं चाहते हैं।
पहाड़ से पहाड़ और मैदान से दिल्ली तक की कनेक्टिविटी से जुड़ते उत्तराखंड ने आम लोगों का सफर आसान किया है। युवाओं को नकलविहीन और ईमानदार भर्ती प्रक्रिया से सरकारी और औद्योगिक निवेश से निजी क्षेत्र में नौकरियों के भरपूर अवसर मिल रहे हैं। प्रदेश की जीडीपी लगातार बढ़ रही है और आम आदमी की आमदनी में भी जबरदस्त बढ़ोत्तरी हुई है, स्वास्थ्य और शिक्षा में सभी पर्वतीय राज्यों में हम शीर्ष पर हैं। राज्य की डेमोग्राफी बरकार रखने के लिए यूसीसी, धर्मांतरण, दंगारोधी कानून लागू करने के साथ अवैध धार्मिक कब्जों पर कठोरतम कार्रवाई की, जो आज विभिन्न राज्यों के लिए नजीर बने हैं। हमारी सरकार ने कांग्रेस की सरकारों में जड़ जमाए हुए नकल माफिया व्यवस्था को समूल नाश और भ्रष्टाचार के तंत्र पर नकेल कसने का काम किया है। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने हर वो कार्य किया जिसकी जनता को हमसे अपेक्षा थी और जो राज्य निर्माण के सपनों के अनुरूप था। ऐसा कोई वादा नहीं रहा इसे हमारी सरकार ने पूरा नहीं किया बल्कि उम्मीद से भी बढ़कर विकास और जलकल्याण के क्षेत्र में काम किए गए हैं। आज केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी जैसा चमत्कारी नेतृत्व और प्रदेश में युवा मुख्यमंत्री धामी का शानदार नेतृत्व, प्रदेश की जनता को स्वीकार्य है। धामी सरकार जन जन की सरकार बनकर और संगठन बूथ बूथ तक प्रत्येक व्यक्ति के सुखदुःख में खड़े होकर 24 घंटे 365 दिन कार्य कर रहा है। अब चूंकि न कांग्रेस धरातल पर मौजूद है और न ही उनके पास जनहित की मंशा है, लिहाजा उनका जीत को लेकर मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना स्वाभाविक है। प्रदेश की जनता 2014 से अब तक पांच लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को नकार कर चुकी है। उसपर जिस तरह राहुल गांधी लगातार देवभूमि गौरव राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल का अपमान कर रहे हैं, उससे जनता में जबरदस्त रोष है। लिहाजा जो कांग्रेस पहले से प्रदेश में हाफ है उसे जनता इस बार पूरी तरह साफ कर देगी।




