अपनी मांगे मनवाने के लिए टावर पर चढ़ा युवक

ऋषिकेश। सोमवार सुबह कृषि उत्पादन मंडी समिति की कार्यप्रणाली पर आरोप लगाते हुए एक युवक मंडी समिति की बिल्डिंग पर लगे टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढेघ् युवक ने अपनी मांगें पूरी नहीं होने तक टावर से नीचे नहीं उतरने की चेतावनी दी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह हरीश पांडे नाम का युवक कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में पहुंचा और वहां बिल्डिंग पर लगे टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही मंडी समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। टावर पर चढ़े युवक ने मोबाइल पर बातचीत के दौरान मंडी समिति की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। युवक का कहना है कि वह लंबे समय से मंडी समिति परिसर में काम कर रहा है, लेकिन अधिक किराये के कारण वह अपना कारोबार आगे नहीं बढ़ा पा रहा है। उसने आरोप लगाया कि मंडी परिसर में अनधिकृत रूप से महंगे किराये वसूले जा रहे हैं और लाइसेंस बनवाने के नाम पर उससे 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। युवक ने कहा कि मंडी समिति में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और अधिकारियों का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए ही वह टावर पर चढ़ा है। हालांकि, युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं इस मामले में पार्षद रामकुमार संगर ने भी युवक द्वारा लगाए गए आरोपों का समर्थन करते हुए मंडी समिति के अधिकारियों पर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि मंडी समिति में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और गरीब एवं छोटे कारोबारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जाता। पार्षद ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायतें किए जाने के बावजूद कई मामलों में कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि कई अधिकारी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात हैं, जिससे कथित तौर पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।




