News UpdateUttarakhand

सोमवती अमावस्या स्नान पर हरिद्वार में 200 टन कूड़ा छोड़ गए श्रद्धालु

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर हरिद्वार में करीब 76 लाख श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी समेत तमाम गंगा घाटों पर स्नान किया। इतनी बड़ी संख्या में आए श्रद्धालु हरिद्वार में करीब 200 टन कूड़ा छोड़ गए। घाटों से लेकर बाजारों और शहर की साफ सफाई के लिए निगम कर्मचारियों और अधिकारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। बीती देर रात घाटों पर भीड़ कम होने के बाद निगम कर्मचारी गंगा घाटों पर पहुंची। रातभर अभियान चलाकर कूड़े को उठाना शुरू किया। श्रद्धालुओं के आगमन के बाद विभिन्न घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर एकत्र हुए भारी मात्रा में कूड़े का निगम की टीम ने युद्धस्तर पर निस्तारण किया। पूरी रात चले अभियान में लगभग 90 ट्रैक्टर कूड़ा उठाकर सुबह चार बजे तक प्रमुख घाटों और मार्गों की सफाई पूरी कर ली गई। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने रात दो बजे घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि हरिद्वार नगर निगम के 60 वार्डों में रोजाना 250 से 300 टन तक कूड़ा निकलता है। निगम कर्मचारी इस कूड़े को उठाकर सराय स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट पहुंचाते हैं। जहां इसका निस्तारण किया जाता है। अधिकारियों के मुताबित सोमवती स्नान पर्व पर गंगा घाटों और बाजारों और गलियों में करीब 200 टन कूड़ा एकत्रित हुआ। स्नान समाप्ति के बाद रात को पुलिस प्रशासन से वाहनों के संचालन की अनुमति मिलते ही नगर निगम की स्वच्छता टीम ने रात करीब नौ बजे अभियान शुरू किया।
अभियान के तहत विष्णुघाट, अलकनंदा घाट, सुभाष घाट, नई घाट और मालवीय घाट समेत सभी प्रमुख स्नान स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मियों ने बिना रुके पूरी रात काम करते हुए घाटों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों से कूड़ा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया। नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था जल्द बहाल कर दी गई। सुबह होने से पहले ही श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख क्षेत्रों को साफ-सुथरा कर दिया गया। करीब 90 ट्रैक्टर ट्रॉली में कूड़ा भरकर कूड़ा निस्तारण प्लांट तक पहुंचाया गया।
नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार ने भी रात करीब दो बजे मौके पर पहुंचकर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई अभियान की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूरी रात डटे रहे सफाई कर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया। स्वच्छता अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा और सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल समेत नगर निगम की पूरी टीम सक्रिय रही। सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व संख्या के बाद मुख्य नगर आयुक्त के निर्देश पर बड़ा सफाई अभियान चलाया। निर्धारित समय में सभी प्रमुख घाटों और मार्गों की सफाई पूरी कर ली गई है। जहां सफाई कार्य नहीं हुआ, वहां आज दिन में भी कूड़ा उठाने का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही सारा कूड़ा उठाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाएगी।

Related Articles

Back to top button