जिला प्रेस क्लब रुद्रप्रयाग के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह में शामिल हुए सीएम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने एक दिवसीय दौरे पर जनपद रुद्रप्रयाग पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने जिला प्रेस क्लब रुद्रप्रयाग के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘ज्ञानदीप सम्मान समारोह 2026’ में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रमेश पहाड़ी, चंद्रमोहन शुक्ला, लक्ष्मी प्रसाद डिमरी सहित अन्य पत्रकारों को सम्मानित किया गया। वहीं लोक कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में सौरभ मैठाणी, हेमा नेगी करासी तथा साहित्य के क्षेत्र में मुकेश नौटियाल सहित भाषा, साहित्य, प्रशासन, पुलिस एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को सौंपा गया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने सभी सम्मानित पत्रकारों एवं प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बदलते समय में पत्रकारिता की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण फेक न्यूज़ एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष एवं विश्वसनीय समाचार आमजन तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है, जिसे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है। पत्रकार समाज को जागरूक करने एवं जन सरोकारों से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आधुनिक तकनीक के इस युग में भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकना और सत्य एवं निष्पक्ष खबरों का संप्रेषण करना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष बृजेश भट्ट, महामंत्री बद्री नौटियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।



