News UpdatePoliticsUttarakhand

कांग्रेसियों ने लगाए पीएम गो बैक के नारे

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तराखंड दौरे पर आए हुए हैं। पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे का कांग्रेस ने विरोध किया है। देहरादून जिले के डोईवाला में कांग्रेस नेताओं ने ‘गो बैक’ के नारे लगाकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता जौलीग्रांट एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे, जहां वे प्रधानमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे। इस दौरान जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल समेत कई नेता मौजूद रहे, लेकिन कोतवाली के बाहर ही पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट जाने से पहले ही एंट्री बंद कर दी गई, जिससे प्रदर्शनकारियों में नाराजगी देखी गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के लिए देहरादून पहुंच हैं। जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इस महत्वपूर्ण अवसर को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं, वहीं आम जनता में भी खासा उत्साह नजर आ रहा है।
आज रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए विभिन्न स्थानों पर मंच बनाए गए हैं, जहां स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन पुष्प वर्षा और नारों के साथ उनका अभिनंदन करेंगे। एक्सप्रेस वे के उद्घाटन को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे यातायात सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद रोड शो के जरिए लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button